दिल्ली पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे और जहांगीरपुरी इलाके में किन्नर का वेश बनाकर घूम रहे 44 वर्षीय बांग्लादेशी नागरिक को हिरासत में लिया है. आरोपी को नॉर्थ वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के फॉरेनर्स सेल (North West District’s Foreigner Cell) द्वारा गैर-कानूनी विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए गए एक स्पेशल अभियान के दौरान पकड़ा गया.

सुकांत चंद्र दास उर्फ ​​माधुरी नामक यह व्यक्ति बिना वैध पासपोर्ट और वीजा के अवैध रूप से भारत में रह रहा था. यहां तक की उसके पास कोई अन्य दस्तावेज भी नहीं था.

दिल्ली पुलिस के अनुसार भलस्वा फ्लाईओवर के नीचे तड़के चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में गुप्त सूचना मिली. जो कथित तौर पर लंबे समय से भारत में गैर-कानूनी तरीके से रह रहा था. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया.

पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि मूल रूप से बांग्लादेश के ढाका जिले के गाजीपुर का रहने वाला है. पूछताछ में आरोपी सुकांता ने कथित तौर पर माना कि रात में वह किन्नर का ड्रेस पहनकर निकलता था और गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल रहता था.

पुलिस ने आगे बताया कि जांच के दौरान आरोपी के पास से एक स्मार्टफोन बरामद हुआ जिसमें प्रतिबंधित IMO एप इंस्टॉल था. यह वीडियो-कॉलिंग और मैसेजिंग मोबाइल एप्लिकेशन है, जो भारत में प्रतिबंधित है. इसके अलावा उसके मोबाइल की गैलरी में बांग्लादेश के राष्ट्रीय पहचान पत्रों से जुड़े दस्तावेज भी मिले है.

आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के समक्ष पेश किया गया. एक प्रक्रिया के तहत उसे  बांग्लादेश भेजने की कारवाई शुरू कर दी गयी है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m