दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के आंदोलन पर दिल्ली पुलिस ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि फेक न्यूज फैलाने वाले 400 से ज्यादा अकाउंट बंद किए गए। ऐसे ही अकाउंट ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के वक्त भी एक्टिव हुए थे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग की जा रही है। पुलिस ने केजरीवाल का एक वीडियो दिखा कर कहा कि, एक नेता ने गलत जानकारी देते हुए कहा कि – “केंद्र सरकार आधी रात दिल्ली में क्रैकडाउन करने जा रहा है…”

लड़की की मौत की झूठी खबर और वांगचुक का फेक वीडियो डाला गया

दिल्ली पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में DCP रोहित राजबीर सिंह ने चौंकाने वाली बातें बताईं हैं। उन्होंने बताया कि एक सोशल मीडिया पोस्ट में 20 जुलाई को हुई घटना में एक लड़की की मौत का दावा किया गया, जबकि ये दावा झूठा था। उन्होंने बताया कि ​पाकिस्तान से चलाए जा रहे अकाउंट से सोशल मीडिया पर झूठे पोस्ट किए जा रहे हैं। उन्होंने ये भी बताया कि सोनम वांगचुक का फेक वीडियो डाला गया, जिसमें वह कह कुछ रहे हैं और सुनाई कुछ और दे रहा है। डीसीपी ने ये भी बताया कि दिल्ली पुलिस ने एसटीएफ का गठन किया है।

अभिजीत दीपके को टाइफाइड

उधर, कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके को टाइफाइड हो गया है। उन्होंने शनिवार को वीडियो जारी कर यह जानकारी दी। वहीं, दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार देर रात जंतर-मंतर पर बैरिकेडिंग बढ़ा दी है। कल केंद्रीय मंत्रियों से बैठक के बाद CJP ने कहा था कि अगर प्रधान का इस्तीफा नहीं होता तो 20 जुलाई जैसा एक्शन लेंगे।

इस बीच, प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि अगर धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते तो सरकार से बातचीत का कोई मतलब नहीं है। पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और सरकार के बीच शनिवार दोपहर 3:30 बजे तीसरी बैठक हो सकती है। इसमें सरकार धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अपना रुख बताएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m