निशु आजाद के पिता संजय कुमार पर हमले के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज (Swatantra Bhardwaj) के खिलाफ दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने कार्रवाई की है। पुलिस ने शुक्रवार, 4 सितंबर को आरोपी को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस उसे बुलंदशहर के चोला थाने लेकर पहुंची, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। दरअसल, स्वतंत्र भारद्वाज ने एक पॉडकास्ट में संजय कुमार पर हमले का जिक्र किया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला फिर सुर्खियों में आ गया। वीडियो सामने आने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी, कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नेताओं ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर सक्रियता बढ़ा दी।

मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर सीजेपी के आशुतोष रांका और सौरव दास, कांग्रेस की छात्र इकाई के विनोद जाखड़, नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद समेत कई नेता और कार्यकर्ता दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे। सभी नेताओं ने पुलिस से स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

दिल्ली पुलिस से बातचीत में क्या फैसला हुआ?

संसद मार्ग थाने में नेताओं और दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत हुई। बातचीत के दौरान पुलिस ने मामले में एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराएं जोड़ने की बात कही। वहीं, संजय कुमार का दोबारा मेडिकल कराया जाएगा। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास यानी अटेम्प्ट टू मर्डर की धारा जोड़ने पर फैसला लिया जाएगा।

अभिजीत दीपके ने दिया बयान

मामले में पुलिस कार्रवाई के बीच सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और उसे 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस के सामने हुए कथित हेट क्राइम के मामले में FIR दर्ज कराने में करीब दो महीने और एक विरोध-प्रदर्शन का समय लग गया। दीपके ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m