नई दिल्ली में छात्रों के पक्ष में आयोजित प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने सांसद दीपेंद्र हुड्डा और यूथ कांग्रेस अध्यक्ष निशित कटारिया को हिरासत में लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचीं।

चंडीगढ़। नई दिल्ली में छात्रों के अधिकारों को लेकर आयोजित प्रदर्शन के दौरान हरियाणा के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस आंदोलन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कांग्रेस महासचिव कुमारी सैलजा, राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा युवक कांग्रेस अध्यक्ष निशित कटारिया मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सांसद दीपेंद्र हुड्डा और निशित कटारिया को हिरासत में ले लिया और मंदिर मार्ग थाने ले गई।

सोनिया गांधी ने थाने पहुंचकर ली जानकारी

मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन में सांसद प्रियंका गांधी को भी हिरासत में रखा गया था। घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एवं संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी खुद मंदिर मार्ग थाने पहुंचीं। उन्होंने प्रियंका गांधी, दीपेंद्र सिंह हुड्डा और निशित कटारिया से मुलाकात कर पुलिस कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम का ब्यौरा लिया।

लाठीचार्ज की नेताओं ने की निंदा

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक वीडियो संदेश जारी कर छात्रों पर हुई लाठीचार्ज की घटना पर कड़ा ऐतराज जताया। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस और बल प्रयोग की आलोचना की।

‘छात्रों की गूंज’ अभियान रहेगा जारी

सांसद कुमारी सैलजा ने भाजपा सरकार की नीतियों को तानाशाही करार दिया, जबकि रणदीप सुरजेवाला ने छात्र-छात्राओं के साथ हुए दुर्व्यवहार की भर्त्सना की। प्रियंका गांधी के आह्वान पर देश भर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम चलाया जा रहा है। हरियाणा के रोहतक में इस मुहिम की अगुवाई कर रहे युवक कांग्रेस अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि पुलिसिया दमन के बावजूद युवाओं के हक की लड़ाई रुकने वाली नहीं है।