जुबैर अंसारी, सुपौल। दिल्ली के तिमारपुर थाना क्षेत्र स्थित एक व्यवसाई के घर हुई करोड़ों की चोरी का खुलासा करते हुए स्थानीय पुलिस ने बिहार के सुपौल जिले से भारी मात्रा में सोना-हीरे के जेवरात और नकदी बरामद की है। दिल्ली पुलिस और प्रतापगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली है।

​दिल्ली में हुई थी करोड़ों की बड़ी चोरी

​दिल्ली के तिमारपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले अनिल कुमार गुप्ता और अनुज कुमार गुप्ता के घर 5 सितंबर को सूने मकान का फायदा उठाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। घर में काम करने वाले नौकर मौका पाकर करोड़ों का सोना, हीरे के जेवरात और लाखों रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे। पीड़ित गुप्ता बंधुओं की शिकायत पर तिमारपुर थाने में मामला दर्ज किया गया था। वैज्ञानिक अनुसंधान के दौरान पुलिस की जांच की सुई बिहार के निर्मली थाना क्षेत्र के रहने वाले नौकर अनिल कामत और उसके एक अन्य साथी की ओर घूमी। दिल्ली पुलिस ने एक आरोपी को पहले ही दबोच लिया था, जिसकी निशानदेही पर मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस प्रतापगंज पहुंची।

​सुखानगर गांव में ससुराल से हुई बरामदगी

​दिल्ली पुलिस ने प्रतापगंज थाना पहुंचकर थानाध्यक्ष रौशन कुमार से समन्वय स्थापित किया और स्थानीय पुलिस के सहयोग से सुखानगर पंचायत स्थित आरोपी अनिल के ससुराल को घेर लिया। पुलिस बल को देखकर मुख्य आरोपी अनिल मौके से भागने में सफल रहा, लेकिन पुलिस ने तलाशी के दौरान भूसे के घर से चार लाख चौंतीस हजार छह सौ पचास रुपये नकद बरामद किए। इसके बाद घर की महिलाओं से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने जमीन में गाड़कर रखे गए जेवरात के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने बताए गए स्थान की खुदाई कर एक बैग बरामद किया, जिसमें सोने और हीरे के 115 आइटम शामिल थे। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के ससुर को भी गिरफ्तार कर लिया है।

​एसडीपीओ ने की मामले की पुष्टि

​छापेमारी और बरामदगी के बाद एसडीपीओ पवन कुमार प्रतापगंज थाना पहुंचे और पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि की। उन्होंने बताया कि आरोपी अनिल मरौना का रहने वाला है, जिसने तिमारपुर स्थित घर में चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद सारा माल अपने ससुराल सुखानगर में छिपाकर रखा था। दिल्ली पुलिस और थानाध्यक्ष रौशन कुमार के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी में बरामद किए गए सोने और हीरे के जेवरात की कुल बाजार कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है। फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।