जमुई। जिले के टाउन थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल के हॉस्टल में रहने वाली छात्रा ने स्कूल के डायरेक्टर पर डरावने और गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि डायरेक्टर हॉस्टल की लड़कियों के साथ रेप जैसी घिनौनी वारदातों को अंजाम देता है।
ऑफिस में बुलाकर की गई गंदी हरकतें
पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि डायरेक्टर की मानसिकता बेहद घटिया है। मंगलवार को जब वह स्कूल में अकेली थी, तब उसे जबरन ऑफिस में बुलाया गया। वहां डायरेक्टर ने उसके शरीर के अंगों (बॉडी पार्ट्स) को छूते हुए आपत्तिजनक बातें कहीं और समझाने के नाम पर सेक्स और प्रेग्नेंसी से जुड़े विषयों पर चर्चा करने लगे। छात्रा के अनुसार, विरोध करने पर भी आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और उसके साथ गलत तरीके से शारीरिक संपर्क बनाने की कोशिश की।
परिजनों का हंगामा और पुलिस की कार्रवाई
रविवार को जब हॉस्टल की कुछ अन्य छात्राओं ने स्कूल की अंदरूनी गतिविधियों और डायरेक्टर की हरकतों की जानकारी अपने परिजनों को दी, तो कोहराम मच गया। दोपहर में आक्रोशित परिजन स्कूल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी डायरेक्टर आशीष सिंह को हिरासत में लेकर टाउन थाने ले आई।
अन्य छात्राओं ने भी उठाए सवाल
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद एक और छात्रा ने भी आरोपी निदेशक के चाल-चलन और व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उसका कहना है कि स्कूल में पढ़ने वाली कई अन्य छात्राओं के साथ भी डायरेक्टर का रवैया हमेशा से संदिग्ध और गलत रहा है। पुलिस अब इन तमाम पहलुओं को ध्यान में रखते हुए हॉस्टल के अन्य कर्मचारियों और वहां रह रही दूसरी छात्राओं से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस और आरोपी का पक्ष
जमुई की एसडीपीओ दीप्ति मोनाली ने इस मामले पर बयान देते हुए इसे बेहद संवेदनशील करार दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़िता के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हर एक बिंदु की गहराई से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके मुताबिक कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर, पुलिस हिरासत में लिए गए स्कूल डायरेक्टर आशीष सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि हॉस्टल और स्कूल में अनुशासन बनाए रखने के लिए बच्चों को केवल समझाया जाता है। उनके मुताबिक, कुछ लोग स्कूल की अच्छी छवि को धूमिल करने के लिए सोची-समझी साजिश के तहत झूठे आरोप लगवा रहे हैं। फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की विभिन्न एंगल से तस्दीक करने में जुटी हुई है।



