देवरिया. उत्तर प्रदेश के देवरिया में गर्भवती महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में तैनात स्टाफ नर्स पूर्णिमा विश्वकर्मा ने अपने प्रेम संबंध को छिपाने के लिए अपनी भाभी गुड़िया (28) की हत्या की साजिश रची. आरोप है कि उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या के लिए तीन लाख रुपये में सौदा तय किया. इसके लिए अपने गहने गिरवी रखकर ढाई लाख रुपये एडवांस दिए.
गुड़िया करीब पांच महीने की गर्भवती थी. 24 अक्टूबर की रात सरकारी आवास में उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में एक कथित सुपारी किलर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. उसका साथी फरार है.
इसे भी पढ़ें- खड़गे के बयान पर मायावती की दोटूक! बोलीं- राजनीति में बढ़ रही कटुता, देश के लिए चिंता की बात
भाभी को ननद के प्रेम संबंध की थी जानकारी
पुलिस के अनुसार, गुड़िया अपने पति चमनलाल से विवाद के बाद अपनी तीन साल की बेटी के साथ रुद्रपुर अस्पताल परिसर में ननद पूर्णिमा के सरकारी आवास में रह रही थी. पूर्णिमा की शादी नहीं हुई थी. उसका पास के एक युवक से प्रेम संबंध था. गुड़िया ने दोनों को कई बार साथ देख लिया था. वह इस संबंध की जानकारी परिवार को देने की बात कहती थी. पुलिस का दावा है कि इसी बात से परेशान होकर पूर्णिमा ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई.
तीन लाख रुपये में तय हुआ हत्या का सौदा
पुलिस के मुताबिक, पूर्णिमा के प्रेमी ने गोरखपुर के एक कथित सुपारी किलर से संपर्क किया. हत्या के लिए तीन लाख रुपये देने की बात तय हुई. पूर्णिमा ने अपने गहने गिरवी रखकर ढाई लाख रुपये एडवांस दिए थे. बाकी 50 हजार रुपये बाद में दिए जाने थे. 24 अक्टूबर की रात गुड़िया और पूर्णिमा अलग-अलग कमरों में सो रही थीं. आरोप है कि पूर्णिमा ने गुड़िया की बेटी को अपने पास सुला लिया. इसके बाद उसने कथित सुपारी किलर और उसके साथी को बुलाया.
गला घोंटकर हत्या, सिर पर हथौड़े से वार
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी सरकारी आवास में घुसे और गुड़िया का गला घोंट दिया. इसके बाद उसके सिर पर हथौड़े से वार किया. हत्या के बाद दोनों फरार हो गए. पूर्णिमा ने शोर मचाकर पुलिस को सूचना दी. शुरुआत में गुड़िया की मां लालती देवी ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति, सास, ननद और अन्य ससुरालियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी.
इसे भी पढ़ें- दीपोत्सव की चमक से कुम्हारों के घर भी होंगे रोशन, मिट्टी के दीयों की बढ़ी मांग, लाखों के मिले ऑर्डर
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुला राज, एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटने और सिर पर चोट की पुष्टि हुई. इसके बाद पूर्णिमा पर शक गहराया. पूछताछ में उसने कथित तौर पर साजिश की बात कबूल की. एसपी अभिजीत आर. शंकर के अनुसार, पुलिस ने रामअशीष यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. उसका साथी फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. मामले में नर्स, उसके प्रेमी और आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है.

