देवरिया. थाना मदनपुर क्षेत्र के महेन स्थित बाबा महेन्द्रनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं से पूजा-पाठ कराने और मंदिर में चढ़ावे को लेकर पुजारियों के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट की घटना सामने आई घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर थाना मदनपुर में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है.

क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सत्येन्द्र राय ने बताया कि मंदिर परिसर में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है. पुलिस द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या नहीं है.

इसे भी पढ़ें : “ये जितने इस समय हैं सब चोर हैं…” राम मंदिर दान गबन मामले में ट्रस्ट पर भड़के विनय कटियार, कहा- मंदिर के लिए सरकारें चली गईं, इन्हें हम छोड़ेंगे नहीं

बता दें कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंदिर में चढ़ावे की राशि के बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. विवाद के दौरान कई लोगों के बीच धक्का-मुक्की और लाठी-डंडों का प्रयोग किया गया. घटना के समय मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में भी भय का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है.