कुंदन कुमार, पटना। लालू परिवार द्वारा सुरक्षा वापस करने को लेकर डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बड़ा बयान दिया है। डिप्टी सीएम ने कहा कि, जिसको जरूरत होती है। सुरक्षा दिया जाता है, अगर वे सुरक्षा नहीं ले रहे तो जबरदस्ती सुरक्षा देने का प्रावधान तो नहीं है।

विदेश घूमने से नहीं दिखेगा काम- डिप्टी सीएम

वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के द्वारा सवाल उठाए जाने पर की बदला लिया जा रहा है इस पर डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि उनको बताना चाहिए कौन-कौन सा बदला लिया जा रहा है? उनको तो जनता ने हराया है। विपक्ष में हैं, कुछ ना कुछ बोलते रहते हैं।

तेजस्वी यादव के द्वारा कहना कोई काम नहीं हो रहा इस पर उन्होंने कहा कि, वो तो विदेश घूमते रहते हैं। इसलिए उन्हें नहीं दिखाई देता। वे खजाना खाली कि चर्चा कर रहे हैं, अगर खजाना खाली रहता तो वेतन कैसे मिलता?

‘तेजस्वी को डिप्टी सीएम नीतीश ने ही बनाया’

वहीं, लालू यादव के यह कहने पर की सबकुछ नीतीश कुमार के इशारे पर हो रहा है। इसपर डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि, वे अच्छे काम की चर्चा नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, दो बार तेजस्वी को डिप्टी सीएम नीतीश कुमार ने ही बनाया। गौरतलब है कि बीते दिनों पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान लालू यादव ने राबड़ी आवास खाली करने और सुरक्षा हटाने को लेकर कहा था कि यह सब नीतीश कुमार के इशारे पर हो रहा है।

2015 में पहली बार डिप्टी सीएम बने थे तेजस्वी

गौरतलब है कि तेजस्वी यादव दो बार प्रदेश के डिप्टी सीएम रह चुके हैं। 2015 में जब महागठबंधन की सरकार (कांग्रेस, जदयू, राजद) बनी तो वह पहली बार प्रदेश के डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। 2015 से 2017 तक वह बिहार के डिप्टी सीएम रहे। वहीं, साल 2022 में जब नीतीश कुमार ने भाजपा से अलग होकर एक बार फिर से महागठबंधन के साथ सरकार बनाई तो, तेजस्वी ने एक बार फिर से उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। 2015 में जब तेजस्वी डिप्टी सीएम बने तो वह महज 26 साल के थे। हालांकि दोनों ही बार वह अपना पूरा कार्यकाल (5 साल) नहीं कर पाए।

ये भी पढ़ें- ‘पूरे देश की उम्मीद बस आप हो’, तेजस्वी यादव समेत कई नेताओं ने दी राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई