कुंदन कुमार, पटना। बिहार में इन दिनों नाम बदलने को लेकर सियासत जारी है। खासकर पूर्व सीएम नीतीश कुमार के नाम पर बख्तियारपुर और जदयू पार्टी का नाम बदलने की मांग पार्टी के नेताओं की ओर से की जा रही है। इस बीच जदयू के वरिष्ठ नेता और बिहार के डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव की भी इन सभी मुद्दों पर प्रतिक्रिया सामने आई है।

‘यह संजय झा की अपनी इच्छा’

दरअसल जब डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव से यह पूछा गया कि आपकी पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने पार्टी का नाम जदयू नीतीश करने पर की बात कही है। इस पर उन्होंने कहा कि, उनकी अपनी इच्छा है। ठीक है। इच्छा अच्छी है। लेकिन जब पार्टी के सामने प्रस्ताव आएगा तो पार्टी इसका फैसला करेगी।

चिराग की मांगो पर नहीं दिया जवाब

वहीं, दूसरी ओर लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की ओर रामविलास पासवान, लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार के नाम पर जगह का नाम रखने और प्रतिमा लगाए जाने की मांग पर डिप्टी सीएम ने कहा कि, मैं इस पर कुछ नहीं बोलूंगा। इस पूरे मामले पर वह बचते नजर आए।

लालू परिवार पर आरोप तय होने पर कही ये बात

तेजस्वी यादव, लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के आईआरसीटीसी घोटाले में आरोप तय किए जाने पर डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि, उन्हीं से जाकर पूछिए। वो कहते हैं कि खजाना खाली है। लेकिन अब क्या है? खजाना कहां गया? इन लोगों ने ही करप्शन किया है और आज उन लोगों पर आरोप तय हो गया है।

गौरतलब है कि दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बहुचर्चित IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत 9 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए हैं। इसके साथ ही अदालत ने इस मामले में राहत देते हुए 7 अन्य आरोपियों को बरी कर दिया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा जांचे गए इस मामले की अगली सुनवाई अब 3 अक्टूबर को होगी। 

वैशाली पुल हादसे पर बोले- हो रही जांच

वहीं, वैशाली के लालगंज में भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बन रहे NH-139W के निर्माणाधीन पुल का लांचिंग मशीन गिरने और सात मजदूरों के घायल होने की घटना पर बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि, यह चिंता का विषय है। इसकी जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- BRICS समिट की Welcome Kit में शामिल हुआ सत्तू और मखाना, CM बोले- अब दुनिया चखेगी बिहार का स्वाद