हेमंत गुर्जर, बागली (देवास)। देवास के बागली से सामने आए रबड़ जैसी जैली बने दूध के मामले ने एक बार फिर गुणवत्ता और मिलावट को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां दूध को गर्म करने पर वह फटने या मावा बनने के बजाय रबड़ जैसी जैली में बदल गया और हाथ से खींचने पर चिंगम की तरह खिंचता नजर आया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया।

बागली से सटे ग्राम छतरपुरा निवासी राहुल पाटीदार के मुताबिक, उन्होंने बागली की एक निजी दूध डेरी से दूध खरीदा था। घर पर दूध गर्म किया तो उसकी यह अजीब स्थिति सामने आई। शिकायत करने पर डेरी संचालक ने इसे गाय की तासीर का असर बताया, लेकिन राहुल का कहना है कि 4 से 5 अन्य लोगों ने भी इसी तरह के दूध की शिकायत की थी।

ये भी पढ़ें: इंदौर-भोपाल में मिलावटखोरों पर शिकंजा! ऑन द स्पॉट रैपिड टेस्ट से खाद्य विभाग की बड़ी जांच

खास बात यह है कि इससे पहले भी भारतीय किसान संघ ने हाटपीपल्या तहसीलदार को ज्ञापन देकर क्षेत्र में केमिकलयुक्त दूध, मिलावटी मावा और पनीर की बिक्री की शिकायत की थी, लेकिन इसके बाद भी मिलावट को लेकर कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई। अब इस मामले के सामने आने के बाद खाद्य विभाग ने संबंधित डेरी और दूध के सैंपल लेकर जांच कराने की बात कही है।

हालांकि सवाल यह है कि सैंपल लेने के बाद जांच रिपोर्ट कब सामने आएगी और अगर मिलावट पाई जाती है तो जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होगी? फिलहाल वायरल वीडियो ने बागली में बिक रहे दूध की गुणवत्ता और खाद्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m