संजय पाटीदार, भोपाल/हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के दो बड़े शहरों इंदौर और भोपाल में आम जनता को शुद्ध खाद्य सामग्री मुहैया कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़े पैमाने पर अभियान शुरू कर दिया है। इंदौर में जहां ‘TRIPLE T – Trust Through Testing’ अभियान के तहत मौके पर ही ऑन द स्पॉट जांच की जा रही है, वहीं राजधानी भोपाल में भी विभाग की टीमों ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर दूध, पनीर और मेवों के सैंपल लिए हैं। इस संयुक्त कार्रवाई से मिलावटखोरों और डेयरी संचालकों में हड़कंप मच गया है।
इंदौर में ‘TRIPLE T’ अभियान: 6 डेयरियों और फेरी वालों के दूध की ऑन द स्पॉट जांच
इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने ‘Food Safety on Wheels’ और ‘Rapid Milk Testing Kit’ के जरिए दूध की गुणवत्ता की त्वरित जांच की। विभाग ने श्री कृष्णा दूध डेयरी (एम्पायर रेजिडेंसी), वृंदावन डेयरी (बिजौली मर्दाना रोड), फार्मर्स मिल्ककार्ट (बृजेश्वरी), श्री जी दूध डेयरी (शीतल नगर), कृष्णा मिल्क सेंटर (गंगा देवी नगर) और महावीर दूध डेयरी (एमआर-10) सहित 8 से 10 दूध फेरी वालों के सैंपलों की स्पॉट टेस्टिंग की। राहत की बात यह रही कि प्रारंभिक रैपिड टेस्टिंग में किसी तरह की मिलावट नहीं मिली है, हालांकि विभाग आवश्यकता पड़ने पर लैब टेस्ट भी कराएगा।

भोपाल में भी एक्शन: फ्रेश्को डेयरी से दूध, काजू और कढ़ाई पनीर के सैंपल जब्त
दूसरी ओर राजधानी भोपाल में भी खाद्य विभाग की टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में सैंपलिंग अभियान तेज कर दिया है। जांच टीम ने पिपपानी के गांधी मार्केट (भेल) स्थित ‘फ्रेश्को डेयरी’ पर दबिश देकर गाय, भैंस और मिक्स दूध के सैंपल एकत्र किए। इसके अलावा टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता परखने के लिए काजू और कढ़ाई पनीर के भी सैंपल लिए हैं, जिन्हें रैपिड किट और लैब जांच के लिए भेजा गया है।

अब उपभोक्ताओं को भी सिखाए जाएंगे जांच के तरीके
खाद्य सुरक्षा विभाग का मुख्य उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि खाद्य कारोबारियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सामग्री बेचने के लिए जागरूक करना भी है। इंदौर और भोपाल में ‘Food Safety on Wheels’ के माध्यम से आम नागरिकों को रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की आसान घरेलू जांच के तरीके सिखाए जा रहे हैं, ताकि उपभोक्ता खुद जागरूक होकर मिलावट के खिलाफ सतर्क रह सकें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



