हेमंत गुर्जर, बागली (देवास)। सतवास के पीपलकोटा के पास दतूनी नदी में उस वक्त लोगों की भीड़ जमा हो गई, जब पुलिस जवान अवैध देशी पिस्टल की तलाश में नदी के पानी में उतर गए। दरअसल, कांटाफोड़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति अवैध हथियार लेकर कांटाफोड़ से खातेगांव की ओर जा रहे हैं। कांटाफोड़ पुलिस ने उनका पीछा शुरू किया और सतवास थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सतवास पुलिस ने आगे जाकर पीपलकोटा के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को देखकर भागने के दौरान आरोपियों ने अपने पास रखी अवैध देशी पिस्टल दतूनी नदी में फेंक दी। इसके बाद कांटाफोड़ और सतवास पुलिस के जवानों ने नदी में उतरकर काफी मशक्कत की और पानी से अवैध देशी पिस्टल बरामद कर ली। पुलिस की कार्रवाई देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।
ये भी पढ़ें: पत्नी को मायके से बुलाने की जिद, मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक
संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए दोनों आरोपी देवास जिले के कवलासा और सीहोर जिले के जामुनियाकला के रहने वाले बताए गए हैं। पूरे मामले में सतवास थाना पुलिस की ओर से FIR दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



