हेमंत शर्मा, इंदौर/ राहुल परमार,देवास/शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश के चर्चित देवास शराब कांड में जांच का दायरा बढ़ने के साथ ही सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। चंदाना-बिंजाना में जहरीली शराब पीने से हुई 13 संदिग्ध मौतों के इस मामले में पुलिस ने इंदौर के केमिकल व्यापारी और मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे अमन कासलीवाल को गिरफ्तार कर लिया है। इस हाईप्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद राज्य की सियासत पूरी तरह गरमा गई है और सत्ताधारी दल बीजेपी व विपक्षी दल कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं।

ये भी पढ़ें: MP में ‘एक पद, दो एसपी’ का अजीबोगरीब मामला, गृह विभाग के यू-टर्न के बाद अब ट्रांसफर पॉलिटिक्स पर छिड़ी सियासी जंग

केमिकल सप्लाई और गोदाम सील की कार्रवाई

पुलिस जांच के मुताबिक इस शराब कांड का मास्टरमाइंड इंदौर के क्षिप्रा का रहने वाला अजय राठौर है। आरोपी ने नकली शराब बनाने के लिए पेंट थिनर में इस्तेमाल होने वाले केमिकल का उपयोग किया था। यह केमिकल उसने इंदौर के दवा बाजार स्थित अमन कासलीवाल की शॉप से खरीदा था। असली शराब की खेप में नकली शराब मिलाकर इसे क्षिप्रा, भाड़ पिपल्या और चंदाना की शराब दुकानों से खपाए जाने की जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इंदौर की लोहा मंडी स्थित ‘राइजिंग ब्रदर्स’ के गोदाम को सील कर दिया है। इस कांड में अब तक 13 लोगों की जान जा चुकी है और 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

मंत्री विश्वास सारंग के गंभीर आरोप और बीजेपी का हमला

इस गिरफ्तारी के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पार्टी को घेरना शुरू कर दिया है। मंत्री विश्वास सारंग ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और पीसीसी चीफ जीतू पटवारी को इस मामले में जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आनंद कासलीवाल आज भी जीतू पटवारी के साथ घूमते हैं और क्या अमन व आनंद कासलीवाल ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी का खर्च उठाते हैं? बीजेपी ने जहरीली शराब के कारोबार से कांग्रेस को फंडिंग मिलने और पार्टी कार्यालय के संचालन का गंभीर आरोप लगाया है।

ये भी पढ़ें: बिना नंबर, फिर भी दंगल में उतरेगी कांग्रेस: हरदीप सिंह पुरी के खिलाफ महिला प्रत्याशी उतारने की तैयारी, कल तक नाम होगा फाइनल!

कांग्रेस का पलटवार- ‘बेवजह बयानबाजी कर रहे हैं मंत्री’

बीजेपी के इन आरोपों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस नेता भूपेंद्र गुप्ता ने इसे बेहद शर्मनाक बताया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सिर्फ बेबुनियाद आरोप लगा रही है, जबकि उन्हें निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि कल तक तो बीजेपी यह कह रही थी कि वह जहरीली शराब थी ही नहीं, तो फिर सरकार और मंत्रियों को यह बताना चाहिए कि वे किसे बचाने की कोशिश कर रहे थे। कांग्रेस ने पलटवार करते हुए भ्रष्टाचार और अन्य मुद्दों पर भी सरकार को घेरा और कहा कि मंत्री विश्वास सारंग सिर्फ अपनी पार्टी में नंबर बढ़ाने के लिए ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m