सऊदी अरब में दो बांग्लादेशियों को फांसी ने दोनों देशों के बीच तल्खी को बढ़ाते हुए कई सवालों को छोड़ा है. बांग्लादेश ने मक्का में दो अपने नागरिकों को मौत की सजा दिए जाने पर सऊदी अरब से छह सवाल किए हैं. मक्का की एक मस्जिद में कथित तौर पर सऊदी अरब ने दो बांग्लादेशी नागरिकों को मौत की सजा दे दी. सऊदी सरकार ने इसे ‘अनैतिक कृत्य’ बताया, लेकिन घटना का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया. 

सऊदी की ओर से चीजें साफ ना किए जाने की वजह से ढाका में एक नाराजगी साफ देखी जा रही है. बांग्लादेश का कहना है कि इस मामले में उन्हें सऊदी की ओर से पहले कोई सूचना नहीं दी गई थी.

मक्का में अपने दो नागरिकों को मौत की सजा दिए जाने के मामले में बांग्लादेश ने सऊदी अरब के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है. बांग्लादेशी वाणिज्य दूतावास को मिली कैदियों की सूची में दोनों के खिलाफ अलग-अलग आरोप दर्ज होने की बात सामने आई. 

जिसके बाद से अब बांग्लादेश अदालती फैसलों और पूरे मामले की जानकारी मांग रहा है. बांग्लादेश ने सऊदी अरब को एक राजनयिक पत्र भेजा है. इसमें मक्का में मौत की सजा पाने वाले दो बांग्लादेशी नागरिकों के अपराध, उनकी सजा के तरीके, उनके शवों की वर्तमान स्थिति और मुकदमे के दौरान दी गई कानूनी मदद के बारे में जानकारी मांगी गई है.

ढाका ने सऊदी अरब से 6 सवाल किए:-

1. दोनों नागरिकों पर क्या आरोप थे और कथित घटना कब और कहां हुई थी. 2. दोनों बांग्लादेश नागरिकों की गिरफ्तारी की तारीखें क्या थीं और अदालत के फैसलों की प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध कराई जाएं. 3. मृत्युदंड किस तरीके से दिया गया- उनका सिर कलम करके या किसी और तरह से? 4. दोनों के शव कहां रखे गए हैं, क्या उन्हें बांग्लादेश वापस भेजा जाएगा या सऊदी अरब में ही दफना दिया गया है? 5. क्या जांच और सुनवाई के दौरान दोनों को वकील या किसी तरह की कानूनी सहायता मिली थी? 6. दोनों पर व्यभिचार और आईटी संबंधी अपराधों का जिक्र था, लेकिन सजा का जिक्र क्यों नहीं था?

बांग्लादेश सरकार ने ढाका में तैनात सऊदी राजदूत के सामने भी इस मुद्दे को उठाया है. 14 अक्टूबर 2026 को सऊदी अरब के गृह मंत्रालय ने नजरुल इस्लाम अब्दुल बसीर और सिटी अख्तर नाम के दो बांग्लादेशी नागरिकों को मौत की सजा दिए जाने की घोषणा की. मंत्रालय के मुताबिक, दोनों को मक्का की एक मस्जिद में अनैतिक कृत्य के मामले में दोषी ठहराया गया था.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m