मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 16 अगस्त को नैनीताल जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वह भाजपा संगठन के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे. विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच उनके इस दौरे को संगठन और चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

देहरादून. उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार, 16 अगस्त को नैनीताल जिले के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह गोलापार स्थित नंधौरगढ़ पैलेस में कुमाऊं संभाग के भाजपा जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे. इसके बाद अल्मोड़ा और नैनीताल लोकसभा क्षेत्रों के सांसदों और विधायकों के साथ अलग-अलग बैठक प्रस्तावित है.

संगठन पर होगी चर्चा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री देहरादून से हेलीकॉप्टर के जरिए नैनीताल के चोरगलिया स्थित लाखनमंडी हैलीपैड पहुंचेंगे. यहां से वह सड़क मार्ग से गोलापार स्थित नंधौरगढ़ पैलेस जाएंगे, जहां कुमाऊं संभाग के भाजपा जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक होगी.

यह भी पढ़ें: Independence Day Special: 154 पुलिसकर्मियों को मिला वीरता और सेवा सम्मान, DGP दीपम सेठ ने दिया जीत का मंत्र

नैनीताल जिला मीडिया प्रभारी नितिन राणा के मुताबिक, बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी राजनीतिक गतिविधियों और जमीनी स्तर पर पार्टी की तैयारियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है.

सांसद-विधायकों से बैठक

कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 3 बजे से मुख्यमंत्री लोकसभा क्षेत्र अल्मोड़ा के सांसद और विधायकों के साथ बैठक करेंगे. इसके बाद शाम 4:30 बजे से 6 बजे तक नैनीताल लोकसभा क्षेत्र के सांसद और विधायक मुख्यमंत्री के साथ बैठक में शामिल होंगे.

इन बैठकों में क्षेत्र के विकास कार्यों, संगठनात्मक विषयों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा होगी. हालांकि, विधानसभा चुनाव को देखते हुए इन बैठकों का राजनीतिक महत्व भी बढ़ गया है.

यह भी पढ़ें: स्वतंत्रता दिवस पर CS का संदेश- ‘विकसित भारत के साथ विकसित उत्तराखंड’ बनाना लक्ष्य

चुनावी रणनीति पर नजर

कुमाऊं में विधानसभा सीटों पर संगठन की स्थिति, जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर मुख्यमंत्री का फोकस इस दौरे में दिखाई दे रहा है. ऐसे में धामी का यह दौरा विकास और संगठनात्मक समीक्षा तक सीमित रहता है या आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को भी दिशा देता है, इस पर नजर रहेगी.