गोविंदपुर (धनबाद)। सोमवार शाम गोविंदपुर के अमरपुर के पास जीटी रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय गर्भवती कुलसुम आरा की मौत हो गई। वह पति और दोनों बच्चों के साथ बाइक से घर लौट रही थी। पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पति फिरोज अंसारी और दोनों बच्चे फरहान अंसारी व चाहत खातून बाल-बाल बच गए।
बाइक से गिरते ही ट्रक की चपेट में आई
कुलसुम आरा इलाज के लिए गोविंदपुर आई थी। सोमवार शाम डॉक्टर अंजना से इलाज कराने के बाद वह पति और बच्चों के साथ मोहनाद महाराजगंज स्थित घर लौट रही थी।
अमरपुर के पास पीछे से आए ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और कुलसुम सड़क पर जा गिरी। इसी दौरान वह ट्रक के पहिए की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से कुचले जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश और पूरे मामले की जांच में जुटी है।
मुआवजे की मांग पर सड़क पर उतरे लोग
महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर जीटी रोड की दिल्ली लेन जाम कर दी। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जो करीब छह किलोमीटर से ज्यादा तक पहुंच गई।
लोगों ने एलिवेटेड निर्माण कंपनी से मुआवजे की मांग की। भीषण गर्मी में जाम में फंसे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अधिकारियों ने दिया सहायता का भरोसा
जाम की सूचना पर सीओ यशवंत कुमार सिन्हा, थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत, जिला परिषद सदस्य सोहराब अंसारी और झामुमो नेता एजाज अहमद मौके पर पहुंचे।
परिजनों को तत्काल सहायता के तौर पर व्यक्तिगत रूप से 10-10 हजार रुपये, कुल 40 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया गया। सीओ ने परिवार को अंबेडकर आवास सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का भरोसा भी दिया।
आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया और जीटी रोड पर यातायात सामान्य हुआ। वहीं गोविंदपुर पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश के साथ घटना की जांच कर रही है।



