धनबाद। कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान की गिरफ्तारी के बाद धनबाद में उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई, जब पुलिस उसे निशानदेही के लिए शहर में लेकर निकली। इसी दौरान गैंगस्टर फहीम खान के बेटे, दामाद और कुछ परिजनों ने बंटी खान को घेर लिया और उसके साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाला।

निशानदेही के लिए ठिकाने तक पहुंची थी पुलिस

कोलकाता से गिरफ्तारी के बाद बंटी खान को धनबाद लाया गया था। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस उसे उसके बताए ठिकानों और आसपास के इलाकों में निशानदेही के लिए लेकर गई थी।

इसी दौरान सड़क पर बंटी को देखकर फहीम खान के परिवार के कुछ लोग वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ा और बंटी के साथ मारपीट शुरू हो गई।

‘अपराधी नहीं, आतंकवादी हैं’—परिजनों का आरोप

फहीम खान के परिजनों ने बंटी और प्रिंस खान को लेकर कड़ा विरोध जताया। उनका आरोप था कि दोनों पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के गंभीर आरोप हैं और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने बंटी खान को अपनी सुरक्षा में लिया और मौके से आगे लेकर चली गई।

विदेश जाने की फिराक में था बंटी

पुलिस के अनुसार, बंटी खान कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट तैयार कर विदेश भागने की तैयारी में था। जांच एजेंसी को आशंका है कि वह विदेश में मौजूद अपने भाई प्रिंस खान से जुड़ने की कोशिश कर रहा था।

प्रिंस खान लंबे समय से धनबाद पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। उस पर कारोबारियों को धमकाने, लेवी मांगने और आपराधिक घटनाओं से जुड़े कई आरोप हैं।

गुप्त सूचना के बाद कोलकाता में दबोचा

बंटी के देश छोड़ने की तैयारी की सूचना मिलने के बाद धनबाद SSP के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे कोलकाता से गिरफ्तार किया और धनबाद लेकर आई।इसके बाद उससे पूछताछ कर उसके संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

जेल से निकलने के बाद पुलिस की नजर में था

बंटी खान करीब चार साल जेल में रहने के बाद जनवरी में जमानत पर बाहर आया था। अलग-अलग मामलों में जमानत मिलने के बाद उसकी गतिविधियों पर पुलिस निगरानी रख रही थी। इससे पहले उसे धनबाद जेल से मधुपुर जेल स्थानांतरित किया गया था।

नन्हें हत्याकांड से भी जुड़ा है नाम

बंटी खान का नाम धनबाद के चर्चित नन्हें हत्याकांड समेत एक दर्जन से अधिक मामलों में सामने आया है। 24 नवंबर 2021 को महताब आलम उर्फ नन्हें की गोली मारकर हत्या की गई थी। इस घटना की जिम्मेदारी प्रिंस खान ने ली थी।मार्च 2022 में बंटी खान को उसके दो साथियों के साथ उत्तर प्रदेश के एक रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया था।

रिमांड पर लेकर खोले जाएंगे नेटवर्क के राज

बंटी खान को फिलहाल न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है। जांच का फोकस प्रिंस खान के नेटवर्क, फर्जी पासपोर्ट, विदेश भागने की योजना और कथित लेवी वसूली से जुड़े कनेक्शन पर रहेगा।