धनबाद। धनबाद के लोदना क्षेत्र में गुरुवार को जमीन धंसने की घटना से हड़कंप मच गया। बीसीसीएल लोदना क्षेत्र-10 के बरारी छह नंबर बस्ती के पास अचानक तेज आवाज के साथ जमीन का हिस्सा धंस गया। धंसाव के बाद जमीन से धुआं निकलने लगा और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। घटना के बाद आसपास के लोग दहशत में हैं और किसी बड़े हादसे की आशंका जता रहे हैं।

लक्ष्मी कॉलोनी की सड़क पर भी मंडरा रहा खतरा

स्थानीय लोगों के मुताबिक जमीन धंसने का दायरा बढ़ा तो इसका असर लक्ष्मी कॉलोनी जाने वाली सड़क पर पड़ सकता है। सड़क इसकी चपेट में आई तो वाहनों और राहगीरों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है और हादसे का खतरा भी बढ़ जाएगा।लोगों का कहना है कि जमीन के नीचे आग और लगातार धंसाव को देखते हुए प्रभावित इलाके को तत्काल सुरक्षित करना जरूरी है।

BCCL की टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की सूचना मिलने के बाद बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने जमीन धंसने और आग की स्थिति का जायजा लिया। प्रबंधन की ओर से घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू किए जाने की बात कही गई है।स्थानीय लोगों ने प्रभावित क्षेत्र की तत्काल घेराबंदी कराने, सुरक्षा बढ़ाने और लगातार निगरानी रखने की मांग की है।

उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते धंसाव को नियंत्रित नहीं किया गया तो बस्ती और सड़क दोनों के लिए खतरा बढ़ सकता है।साथ ही जिम्मेदारी तय कर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की गई है।

अधिकारियों के बयान से स्थिति पर सवाल

झरिया सीओ मनोज कुमार ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। वहीं कोलियरी प्रबंधक अनिल महतो ने कहा कि घटना हुई होगी और बीसीसीएल की टीम मौके पर गई होगी। उन्होंने कहा कि वे बीसीसीएल के प्रवक्ता नहीं हैं, इसलिए घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दे सकते।

फिलहाल जमीन धंसने और आग की घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। प्रभावित इलाके में सुरक्षा और आगे धंसाव की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।