धनबाद। पुनपुन नदी के बढ़ते जलस्तर ने धनबाद-पटना रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पुनपुन-परसाबाजार रेलखंड पर ब्रिज के पास जलस्तर बढ़ने के कारण ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया है। सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने का फैसला किया है।
पुनपुन नदी में पानी बढ़ने का सीधा असर गया से पटना के बीच रेल परिचालन पर पड़ा है। इस रूट पर मंगलवार को 10 पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन रद्द रहेगा। इससे रोजाना इस मार्ग से यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है।
गंगा-दामोदर को बदले मार्ग से चलाने का फैसला
धनबाद-पटना के बीच चलने वाली गंगा-दामोदर एक्सप्रेस मंगलवार को भी अपने निर्धारित मार्ग से नहीं चलेगी। धनबाद और पटना दोनों दिशाओं से चलने वाली ट्रेन को वैकल्पिक रूट से संचालित करने की घोषणा की गई है।
कोशी एक्सप्रेस का भी रूट बदला
हटिया-पूर्णिया कोर्ट कोशी एक्सप्रेस का परिचालन भी मंगलवार को दोनों दिशाओं में परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। ऐसे में इस ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन के रूट और परिचालन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
तिलैया-पैमार होकर चलेंगी ट्रेनें
पुनपुन-परसाबाजार के बीच रेल ब्रिज पर जलस्तर बढ़ने के बाद ट्रेनों को गया-पटना रूट से चलाने के बजाय तिलैया-पैमार होकर संचालित करने की सूचना जारी की गई है।
रेलवे की प्राथमिकता फिलहाल यात्रियों की सुरक्षा है। नदी का जलस्तर सामान्य होने और रेल पुल पर स्थिति सुरक्षित होने के बाद ही प्रभावित रेलखंड पर परिचालन सामान्य होने की संभावना है।



