धनबाद-निचितपुर। धनबाद रेल मंडल में चोरों ने रेलवे की ओवरहेड इलेक्ट्रिक व्यवस्था में सेंध लगा दी। कुसुंडा-तेतुलमारी और टोरी-शिवपुर रेलखंड में OHE तार व उपकरण काटे जाने से रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। लगातार ट्रिपिंग के कारण कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। रेलकर्मियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत का काम शुरू किया, जिसके बाद परिचालन सामान्य हो सका।

दो रेलखंडों पर एक साथ हुई चोरी

पहला मामला कुसुंडा-तेतुलमारी लिंक लाइन से सामने आया। यहां चोरों ने एंटी क्रिप वायर काट दिया। कुसुंडा स्टेशन धनबाद-चंद्रपुरा रेल मार्ग का महत्वपूर्ण स्टेशन है। OHE व्यवस्था में गड़बड़ी की जानकारी सुबह करीब 7 बजे इंजीनियरिंग विभाग के कीमैन ने दी।

सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हिस्से को दुरुस्त करने का काम शुरू किया।

कटोतिया साइडिंग के पास भी काटे तार

दूसरी घटना टोरी-शिवपुर रेलखंड के कटोतिया साइडिंग के समीप हुई। यहां चोरों ने करीब आठ स्पान कांटैक्ट वायर काटने के साथ OHE की फिटिंग को भी नुकसान पहुंचाया।

दोनों घटनाओं के कारण धनबाद रेल मंडल के कोल एरिया क्षेत्र में OHE बार-बार ट्रिप करता रहा। इससे रेल परिचालन संभालने में विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

कुसुंडा में रोकी गई रांची इंटरसिटी

OHE में खराबी का असर यात्री ट्रेनों पर भी पड़ा। धनबाद से रांची जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस को कुसुंडा के पास रोकना पड़ा। वहीं जयनगर-राउरकेला एक्सप्रेस धनबाद स्टेशन पर काफी देर तक खड़ी रही।तार की मरम्मत और बिजली आपूर्ति सामान्य होने के बाद दोनों ट्रेनों को आगे रवाना किया गया।

रेलवे ने शुरू की जांच

OHE तार और उपकरणों की चोरी की दोनों घटनाओं को गंभीरता से लिया गया है। रेलवे की संबंधित टीमों ने क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत के साथ घटनाओं की जांच भी शुरू कर दी है। चोरी में शामिल लोगों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों की गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है।