मैथन (धनबाद)। धनबाद के मैथन ओपी क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो ट्रक चालकों की मौत हो गई। मैथन टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे खड़े होकर दोनों चालक आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों चालकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पश्चिम बंगाल से धनबाद की ओर जा रही थी कार
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के वक्त कार पश्चिम बंगाल की ओर से धनबाद की तरफ जा रही थी। इसी दौरान मैथन टोल प्लाजा के समीप सड़क किनारे खड़े दोनों ट्रक चालकों को कार ने अपनी चपेट में ले लिया।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया
सूचना मिलते ही मैथन पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।
फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। तेज रफ्तार कार से हुई टक्कर के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।



