रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में बड़ा हादसा हो गया। जहां गणेश विसर्जन के दौरान तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। यह पूरा मामला बदनावर के बागेड़ी डैम का है।

जानकारी के मुताबिक, बदनावर के बागेड़ी डेम में गणेश विसर्जन किया जा रहा था। तीनों युवक सरस्वती कॉलोनी से गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए डेम पर गए थे। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में समा गए। जिससे उनकी मौत हो गई। मृतकों की उम्र करीब 18 से 20 साल बताई जा रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।

ये भी पढ़ें: खंडवा में गणेश विसर्जन के दौरान हादसा: पानी से भरी खदान में डूबे बच्चे, 3 सुरक्षित, 2 सगे भाई लापता

वहीं हादसे के बाद परिजनों और इलाके में मातम पसर गया। मृतकों के शवों को पोस्मार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया गया है। जहां अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। इधर, बदनावर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

अपील

यह कोई पहला हादसा नहीं है, इससे पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी है। इसलिए इन हादसों से सीख ले और गहरे पानी में उतरने से बचे। स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका की ओर से तय किए गए सुरक्षा घेरे और घाटों के नियमों का सख्ती से पालन करें। गहरे पानी में छलांग न लगाए। सबसे खास अपील यह है कि विसर्जन तयशुदा और सुरक्षित स्थानों पर ही करें, जिन जगहों पर प्रशासनिक गोताखोर, लाइफ जैकेट और बचाव दल मौजूद हो, वहां पर भगवान गणेश की प्रतिमाओं को विसर्जित करें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m