इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जहां एक खदान में पांच लोग डूब गए। जिनमें तीन लोगों को बचा लिया गया। जबकि दो भाइयों की तलाश अभी भी जारी है। रेस्क्यू टीम जुटी हुई है। हादसे के बाद खंडवा एसडीएम, तहसीलदार कोतवाली थाना पुलिस और होमगार्ड एसडीईआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है।
यह पूरा मामला ग्राम नाहल्दा के पास का है। जहां पानी से भरी एक खदान में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान पांच लोग डूब गए। ग्रामीणों ने बताया कि आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल रेस्क्यू शुरू किया और तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं दो नाबालिग सगे भाई गहरे पानी में चले गए, जिनकी तलाश अभी भी जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही होमगार्ड और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम स्पीड बोट की मदद से खदान में दोनों भाइयों की तलाश कर रही है।
ये भी पढ़ें: गणेश विसर्जन के दौरान हादसा: 16 साल के युवक की डूबने से मौत, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खड़े हुए सवाल
बताया जा रहा है कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए गांव के पांच युवक यहां पहुंचे थे। ग्रामीणों के मुताबिक, इसी दौरान पानी में उतरने पर सभी डूबने लगे। स्थानीय ग्रामीण कैलाश पटेल के मुताबिक, सड़क निर्माण के दौरान यहां खदान खोदी गई थी, जिसमें बारिश का पानी भर गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर पहली बार गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए युवक पहुंचे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार और कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारी पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल एसडीईआरएफ और होमगार्ड की टीम लगातार दोनों नाबालिग भाइयों की तलाश में जुटी हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


