रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जहां एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी पुलिसकर्मी की बाइक को टक्कर मार दी और सीधे दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक उछलकर दुकान के तलघर (बेसमेंट) में जा गिरी। वहीं चौराहे पर बैठे पुलिसकर्मी की कुछ देर लिए सांसें अटक गई। गनीमत रही कि पुलिस जवान को कुछ नहीं हुआ। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यह पूरा मामला धार जिले के हटवाड़ा क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, भोजशाला को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और हटवाड़ा चौराहे समेत विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात है। देर रात ड्यूटी के दौरान दो पुलिसकर्मी थकान मिटाने के लिए सड़क किनारे बने ओटले पर बैठे हुए थे। इसी दौरान सामने से तेज गति में आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे दुकान की ओर बढ़ गई। कार पुलिस जवानों से कुछ ही दूरी पर एक दुकान में जा घुसी। यदि कार थोड़ी भी दिशा बदलती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

ये भी पढ़ें: थाने के मेन गेट पर लगी हथकड़ी: खुद सुरक्षा ढूंढ रही पुलिस! वीडियो हुआ वायरल

हादसे के दौरान मौके पर जोरदार आवाज हुई, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। घबराए पुलिस जवान तुरंत सुरक्षित स्थान की ओर भागे और बाद में कार चालक को बाहर निकाला। जिस बाइक को कार ने टक्कर मारी वह भोजशाला ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी की बताई जा रही है। मंगलवार सुबह क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को दुकान से बाहर निकाला गया। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m