रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के ऐतिहासिक भोजशाला मामले में जुम्मे की नमाज को लेकर सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के दौरान एक अहम फैसला सामने आया है। अदालत के निर्देशों के तहत भोजशाला परिसर की बाउंड्री वॉल से सटी जमीन पर नमाज अदा करने की अनुमति दी गई है। इसके तहत मुस्लिम समाज के लोग दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे तक नमाज अदा कर सकेंगे। आदेश के पालन में धार कलेक्टर राजीव रंजन मीणा और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने देर शाम भोजशाला परिसर के पीछे स्थित भूमि का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा बैरिकेडिंग व अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
देर रात तक चली प्रशासन और मुस्लिम पक्ष की बैठक
देर रात जिला एवं पुलिस प्रशासन ने मुस्लिम समाज के जनप्रतिनिधियों व प्रबुद्ध जनों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जो लगभग रात 2:00 बजे तक चली। बैठक में बताया गया कि कोर्ट के आदेशानुसार मस्जिद के ठीक पीछे स्थित जमीन पर नमाज और वजू की व्यवस्था की जानी है।
कमल मौला वेलफेयर सोसाइटी के अब्दुल समद ने बताया कि बारिश के मौसम को देखते हुए आवश्यक प्रबंधों पर चर्चा की गई है। उन्होंने इसे समाज के हक और इंसाफ की दिशा में पहला कदम बताते हुए कहा कि यह सुप्रीम कोर्ट का अंतरिम आदेश है और मुख्य याचिका पर अगली सुनवाई 5 अगस्त को होगी। समाज के सदस्यों को नमाज से जुड़ी गाइडलाइंस और व्यवस्थाओं की जानकारी समय पर संदेश भेजकर दे दी जाएगी।
सर्वे नंबर 611 की जमीन पर स्थानीय रहवासियों का हंगामा और विरोध
दूसरी तरफ, भोजशाला परिसर के पीछे स्थित सर्वे नंबर 611 की जमीन पर नमाज की व्यवस्था की खबर मिलते ही स्थानीय रहवासियों ने कड़ा विरोध जताया और देर रात जमकर हंगामा व प्रदर्शन किया। आक्रोशित रहवासी नारेबाजी करते हुए एसपी ऑफिस पहुंचे। रहवासियों का कहना है कि जिस जमीन पर नमाज की बात कही जा रही है, वह उनकी पुश्तैनी कृषि भूमि है और उनका परिवार पिछले सात पीढ़ियों से वहां खेती-बागवानी कर रहा है। राजस्व रिकॉर्ड और रसीदों में भी उनका नाम दर्ज है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के उनकी जमीन को नमाज के लिए चिन्हित कर दिया, जो पूरी तरह अनुचित है।
कानूनी रास्ता भी अपनाएंगे
प्रशासन ने रहवासियों को सुबह 12:00 बजे तक अपने सभी वैध दस्तावेज और रसीद प्रस्तुत करने का समय दिया है। हालांकि, रहवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी फसलों को नुकसान पहुंचाया गया या बिना अनुमति नमाज करवाने का प्रयास किया गया, तो वे इसका उग्र विरोध करेंगे और कानूनी रास्ता भी अपनाएंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


