रेणू अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक शहर धार में ऐतिहासिक भोजशाला विवाद के बाद अब ‘लाट मस्जिद’ को लेकर नया सियासी और धार्मिक विवाद खड़ा हो गया है। सनातन प्रहरी संस्था द्वारा 15 सितंबर को वराह मार्च निकालने की घोषणा के बाद धार शहर में तनाव की स्थिति बन गई है। एक तरफ जहां आयोजक बिना अनुमति ही रैली निकालने पर अड़े हैं, वहीं दूसरी तरफ जिला प्रशासन और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए आयोजन पर पूरी तरह रोक लगा दी है।

ये भी पढ़ें: इच्छादेवी मंदिर में अनोखी चोरी: चोरों ने मुकुट चुराने से पहले और बाद में छुए माता के पैर, CCTV में कैद घटना

‘राजा भोज का विजय मंदिर’ बनाम ‘लाट मस्जिद’

सनातन प्रहरी संस्था का दावा है कि ASI के अधीन संरक्षित यह इमारत मुस्लिम समाज में ‘लाट मस्जिद’ के नाम से जानी जाती है, जबकि असल में यह राजा भोज द्वारा तेलंगाना पर जीत के बाद बनवाया गया ‘विजय मंदिर-मार्तंडेय मंदिर’ है। यहां अष्टधातु का एक ऐतिहासिक पिलर 4 टुकड़ों में मौजूद है, जिस पर आज तक जंग नहीं लगा है। हिंदू संगठन का कहना है कि वे 15 सितंबर को वराह भगवान के दर्शन के लिए ‘वराह मार्च’ निकालेंगे और इसके लिए उन्हें किसी प्रशासनिक अनुमति की आवश्यकता नहीं है।

प्रशासन ने निरस्त की अनुमति, शहर से हटाए गए होर्डिंग्स

विवाद को देखते हुए जिला प्रशासन ने धार शहर में धारा 163 लागू कर दी है और वराह मार्च की अनुमति निरस्त कर दी है। सीएसपी शशांक सिंह गुर्जर ने बताया कि शासन द्वारा किसी भी प्रकार के मार्च की अनुमति नहीं दी गई है, इसलिए नागरिक अफवाहों पर ध्यान न दें और कार्यक्रम में शामिल न हों। पुलिस प्रशासन ने शहर भर में लगे वराह मार्च के होर्डिंग्स और फ्लेक्स भी हटा दिए हैं।

ये भी पढ़ें: नन्हीं उम्र, बड़ा कमाल! MP की आध्या पालीवाल बनीं ‘सुपर टैलेंटेड किड’, इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया नाम!

ASI ने 15 सितंबर के लिए गंजिखाना परिसर को किया अस्थायी रूप से बंद

मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अधिकारी प्रशांत पाटणकर ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय संरक्षित स्मारकों में किसी भी प्रकार के धार्मिक या सांस्कृतिक रैली की अनुमति नहीं दी जाती। सुरक्षा और संरक्षण के दृष्टिगत ASI ने प्रेस रिलीज जारी कर 15 सितंबर 2026 को गंजिखाना स्थित इस संरक्षित इमारत को आमजन के लिए अस्थायी रूप से बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। अनधिकृत प्रवेश या उपद्रव करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m