मुकेश मेहता, बुधनी। मध्य प्रदेश के रेहटी की नन्हीं बिटिया ने अपनी अद्भुत प्रतिभा से ऐसा कमाल कर दिखाया है, जिस पर पूरा क्षेत्र गर्व कर रहा है। महज दो साल दो महीने की आध्या पालीवाल ने अपनी असाधारण स्मरण शक्ति, बौद्धिक क्षमता और शारीरिक दक्षता के दम पर “इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स “में अपना नाम दर्ज कराया है। खास बात यह है कि आध्या ने महज 18 महीने की उम्र में पूरा हिंदू मंत्र सुनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दे दिया था।
बुधनी जिले के रेहटी की नन्हीं आध्या पालीवाल अब अपनी प्रतिभा के कारण चर्चा में हैं। पिता विजय पालीवाल की दो साल दो महीने की बेटी आध्या ने इतनी कम उम्र में कई ऐसी चीजें याद कर ली हैं, जिन्हें सीखने में बच्चों को वर्षों लग जाते हैं। आध्या हिंदी और अंग्रेजी वर्णमाला, सप्ताह के दिनों और महीनों के नाम, बॉडी पार्ट्स, विलोम शब्द और 100 तक की गिनती आसानी से बता देती हैं। इसके साथ ही वह 10 हिंदू मंत्र भी सुना सकती हैं।
हिंदू मंत्र सुनाकर चौंकाया
आध्या की प्रतिभा केवल पढ़ने और याद करने तक सीमित नहीं है। नन्हीं आध्या ने 16 योगासन कर अपनी शारीरिक दक्षता और संतुलन का भी प्रदर्शन किया है। वहीं वह 20 पक्षियों, 22 सब्जियों और 80 जानवरों की पहचान करने के साथ ही 16 प्रकार के यातायात के साधनों, फलों और विभिन्न आकारों को भी पहचान लेती हैं। आध्या की प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि परिजनों को उनकी असाधारण स्मरण शक्ति का अहसास तब हुआ, जब उन्होंने महज 18 महीने की उम्र में एक पूरा हिंदू मंत्र सुनाकर सभी को चौंका दिया था।
रिकॉर्ड बनने के बाद भी सीखने का सिलसिला जारी
इसके बाद परिवार ने उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया और आध्या लगातार नई-नई चीजें सीखती चली गईं। 30 जून 2026 को इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने आध्या की प्रतिभा को मान्यता देते हुए उन्हें “सुपर टैलेंटेड किड” की उपाधि दी और “वन इन ए मिलियन” के रूप में सम्मानित किया। रिकॉर्ड बनने के बाद भी आध्या का सीखने का सिलसिला जारी है। अब वह ग्रहों के नाम, हिंदू महीनों के नाम, राज्यों की राजधानियां और हिंदी में दिनों के नाम भी बखूबी जानती हैं।
ये भी पढ़ें: बालाघाट में 32 बैगा बच्चों की मौत का मामला; कल परिजनों से मिलेंगे जीतू पटवारी, कलेक्टर कार्यालय का करेंगे घेराव
नन्हीं से उम्र में मनवाया लोहा
मोबाइल और स्क्रीन की दुनिया में जहां आजकल छोटे बच्चों का अधिकतर समय स्क्रीन पर गुजर रहा है, वहीं रेहटी की नन्हीं आध्या की यह उपलब्धि निश्चित तौर पर प्रेरणादायक है। महज दो साल की उम्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली आध्या पालीवाल ने न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि रेहटी और सीहोर जिले का नाम भी गौरवान्वित किया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



