रेणू अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में सरदार सरोवर बांध के डूब प्रभावित क्षेत्रों में वर्षों से पुनर्वास की राह देख रहे परिवारों की उम्मीदें एक बार फिर जाग उठी हैं। हाल ही में नर्मदा बचाओ आंदोलन की नेत्री मेधा पाटकर के दौरे और एसडीएम आशीष पाटिल के संयुक्त निरीक्षण के बाद प्रभावितों को कुछ हद तक राहत मिलने की आस बंधी है, हालांकि घरों में बैक वाटर का पानी भरने और मुआवजे से वंचित रहने की पुरानी समस्याएं अब भी जस की तस बनी हुई हैं।
ये भी पढ़ें: स्वामित्व योजना में तकनीकी संकट! सुबह 6 से शाम 7 बजे तक डाउन रहता है सर्वर, पटवारियों के लिए लक्ष्य पूरा करना बना चुनौती
डूब क्षेत्रों में चिंताजनक हालात और पेड़ों के नीचे रहने को मजबूर परिवार
धार जिले की कुक्षी तहसील के अंतर्गत आने वाले चिखल्दा, निसरपुर और बयड़ीपुरा जैसे डूब प्रभावित क्षेत्रों में हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। निरीक्षण के दौरान खेड़ा बस्ती और डाक बंगला क्षेत्र में कई परिवारों के घर-आंगन चारों तरफ पानी से घिरे मिले, तो वहीं कुछ परिवार मजबूरी में पेड़ों के नीचे अपना जीवन बिताते हुए नजर आए। प्रभावितों का कहना है कि शासन के स्पष्ट आदेशों के बावजूद उन्हें अब तक न तो ढंग से प्लॉट मिले हैं और न ही उचित मुआवजा या अनुदान राशि मिल पाई है।
ये भी पढ़ें: मास्टरप्लान और परिसीमन पर बीजेपी के भीतर ही उठे सवाल; कोर कमेटी की बैठक में सांसद, मंत्रियों और पूर्व विधायकों ने जताई नाराजगी
मेधा पाटकर और स्थानीय प्रतिनिधियों ने उठाई आवाज
स्थिति का जायजा लेने पहुंचीं नर्मदा बचाओ आंदोलन की नेत्री मेधा पाटकर ने दो टूक कहा कि पुनर्वास के लाभ से वंचित परिवारों की समस्याओं को लंबे समय तक अनदेखा नहीं किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस संकट के कारण बच्चों की शिक्षा तरह प्रभावित हो रही है, बाजार तक पहुंचने के रास्ते बंद हैं और बुनियादी सुविधाएं भी छिन चुकी हैं। इसके अलावा, पानी के रास्तों के जरिए जहरीले और खतरनाक जीवों के घरों तक पहुंचने का गंभीर खतरा भी लगातार बना हुआ है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से उचित पुनर्वास की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे इस मामले पर सीधे कलेक्टर से चर्चा करेंगी। वहीं, निसरपुर के सरपंच अंतिम पटेल ने भी बैक वाटर बढ़ने के कारण रास्ते पूरी तरह बंद होने की गंभीर समस्या प्रमुखता से उठाई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

