सुरेंद्र जैन, धरसीवां। राजधानी रायपुर के धरसीवां क्षेत्र में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के चर्चित मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने फिर से तूल पकड़ लिया है। वायरल वीडियो में पीड़िता के दादा कथित तौर पर आरोपी पक्ष से रुपए लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा है।

एसपी ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया वीडियो में आरोपी पक्ष से पीड़िता के दादा द्वारा रुपए लेते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है। इसी आधार पर पूरे मामले की पुनः समीक्षा की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लापरवाही पर पहले ही हो चुकी है कार्रवाई
उन्होंने कहा कि नाबालिग बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के मामले को पुलिस पहले से ही गंभीरता से ले रही है। इसी प्रकरण में विवेचना के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में सिलयारी चौकी प्रभारी जितेंद्र दुबे को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। साथ ही मामले की जांच धरसीवां थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान को सौंपी गई है।
अलग-अलग स्थानों पर हुई थी वारदात
गौरतलब है कि जांच के दौरान यह सामने आया था कि नाबालिग के कथित बॉयफ्रेंड और उसके साथी ने अलग-अलग तारीखों में अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ दुष्कर्म किया था। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
लेन-देन की चर्चाओं को मिला नया आधार
हालांकि घटना के बाद से ही क्षेत्र में यह चर्चा चल रही थी कि मामले को दबाने और पीड़िता के बयान प्रभावित करने के लिए भारी लेन-देन हुआ है। उस समय इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी, लेकिन अब सोशल मीडिया पर कथित लेन-देन का वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले की जांच नए सिरे से शुरू हो गई है।
जांच के दायरे में आ सकते हैं अन्य लोग
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की तकनीकी और तथ्यात्मक जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका या साजिश सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा रहा है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

