राकेश चतुर्वेदी, छतरपुर/भोपाल: गणेश उत्सव के पावन पर्व के अवसर पर बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर समस्त देशवासियों को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। इस शुभ अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं और आम जनता से एक विशेष और पर्यावरण-अनुकूल अपील की है।
केवल मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमा ही लाएं घर- शास्त्री
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं से आग्रह करते हुए कहा कि इस बार गणेश चतुर्थी पर अपने घरों में केवल और केवल मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमा ही लाएं और स्थापित करें। उन्होंने मिट्टी की प्रतिमा के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व को समझाते हुए बताया कि मिट्टी से बनी प्रतिमा का प्रभाव अत्यंत शुभ और फलदायी होता है।
घर की नकारात्मक ऊर्जा होगी समाप्त
बागेश्वर धाम सरकार ने बताया कि मिट्टी की प्रतिमा का विसर्जन बेहद आसान और पवित्र तरीके से किया जा सकता है। पूजा-अर्चना के बाद इसे अपने घर के गमले या बगीचे में भी विसर्जित किया जा सकता है। ऐसा करने से घर में मौजूद नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है और सकारात्मकता का संचार होता है।
POP की मूर्तियों पर जताई चिंता
प्लास्टर ऑफ पेरिस (POP) से बनी मूर्तियों के उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए पंडित शास्त्री ने कहा कि POP की मूर्तियां जलस्रोतों और नदियों में विसर्जित होने के बाद भी सालों तक नष्ट नहीं होतीं। नदियों और तालाबों के किनारों पर भगवान की टूटी-फूटी प्रतिमाओं को देखना बेहद दुखद और कष्टदायक होता है। उन्होंने आगे कहा कि भगवान श्री गणेश विघ्नहर्ता हैं। जो भी भक्त सच्चे मन, पूर्ण श्रद्धा और नियम-संयम से उनकी पूजा-अर्चना करता है, उसे भगवान गजानन से रिद्धि-सिद्धि और सुख-समृद्धि का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



