लक्ष्य वर्मा, करनाल। जिले के किडनी मरीजों के लिए राहत की खबर है। जिला सिविल अस्पताल में जल्द डायलिसिस सेंटर शुरू होने जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन ने पुराने ऑपरेशन थिएटर परिसर में डायलिसिस यूनिट बनाने का प्रस्ताव स्वास्थ्य महानिदेशक कार्यालय को भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही यहां 6 बेड और 6 आधुनिक डायलिसिस मशीनों के साथ मरीजों का इलाज शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही अगले महीने अस्पताल में मैमोग्राफी की सुविधा भी शुरू करने की तैयारी है।

महंगे इलाज से मिलेगी राहत

अभी तक सरकारी अस्पताल में डायलिसिस की सुविधा नहीं होने से मरीजों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है। वहां हर डायलिसिस पर हजारों रुपये खर्च होते हैं। सप्ताह में 2 से 3 बार डायलिसिस कराने वाले मरीजों के लिए यह बड़ा आर्थिक बोझ बन जाता है। नई सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को कम खर्च में समय पर इलाज मिल सकेगा।

पुराने ओटी में बनेगी नई यूनिट

अस्पताल के उप सिविल सर्जन डॉ. दीपक गोयल ने बताया कि पुराने ऑपरेशन थिएटर परिसर को डायलिसिस यूनिट के लिए चुना गया है। यहां जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। स्वास्थ्य महानिदेशक कार्यालय से मंजूरी मिलने के बाद मशीनें लगाई जाएंगी और स्टाफ की नियुक्ति होगी। पुराना ऑपरेशन थिएटर दूसरी मंजिल पर शिफ्ट हो चुका है। ब्लड बैंक पास होने के कारण पुराने परिसर को डायलिसिस यूनिट के लिए उपयुक्त माना गया है।

मरीजों को एक ही जगह मिलेंगी कई सुविधाएं

डायलिसिस सेंटर और मैमोग्राफी सेवा शुरू होने से जिला सिविल अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी। करनाल के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों के मरीजों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पतालों या दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। मंजूरी मिलने के बाद अस्पताल में इन दोनों सुविधाओं को शुरू करने की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m