जंतर-मंतर पर एक महीने से अधिक समय से जारी प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके (Abhijit Deepke ) की तबीयत बिगड़ गई है। स्वास्थ्य खराब होने के कारण गुरुवार को उन्हें कुछ समय के लिए प्रदर्शन स्थल से हटना पड़ा। दीपके ने प्रदर्शनकारियों से माफी मांगते हुए कहा कि वह कुछ घंटों के लिए आराम करेंगे। उन्होंने बताया कि उन्हें बुखार है और शरीर में तेज दर्द महसूस हो रहा है। इससे पहले भी उनकी तबीयत खराब होने के संकेत मिले थे। मंगलवार रात उन्हें उल्टी करते हुए देखा गया था। वहीं, मंच पर संबोधन के दौरान एक बार उन्हें चक्कर आने की बात भी सामने आई थी।
लगातार प्रदर्शन के बीच अभिजीत दीपके की बिगड़ी तबीयत
अभिजीत दीपके की गुरुवार को तबीयत बिगड़ गई। लगातार सक्रिय रहने और आंदोलन की जिम्मेदारियों के बीच स्वास्थ्य प्रभावित होने के बाद उन्होंने कुछ समय के लिए आराम करने की बात कही। बताया जा रहा है कि अमेरिका से दिल्ली पहुंचने के बाद से ही दीपके लगातार आंदोलन से जुड़ी गतिविधियों में व्यस्त रहे। जंतर-मंतर पर दिन-रात चल रहे प्रदर्शन के बीच भीड़, शोर-शराबे, आंदोलन के प्रबंधन, नेताओं से मुलाकात, आगे की रणनीति बनाने और पुलिस-प्रशासन से जुड़े मामलों को संभालने में उन्हें लगातार भागदौड़ करनी पड़ रही थी। पिछले कुछ दिनों में उनकी तबीयत कई बार खराब हुई थी। हालांकि, वह दवाओं के सहारे अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहे। गुरुवार को स्वास्थ्य अधिक खराब होने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स के जरिए समर्थकों को अपनी स्थिति की जानकारी दी और कुछ समय आराम करने की अनुमति मांगी।
अभिजीत दीपके ने अपनी तबीयत को लेकर सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उन्हें बुखार है और पिछले कुछ दिनों से शरीर में काफी दर्द महसूस हो रहा है। दीपके ने अपनी पोस्ट में लिखा, “मुझे बुखार है। पिछले कुछ दिनों से शरीर में बहुत ज्यादा दर्द भी है। मैं पेनकिलर खाकर किसी तरह जोर लगा रहा था। यदि आज आप मुझे जंतर-मंतर पर ना देखें तो माफ करना। मुझे कुछ घंटे आराम करने और रिकवर करने की जरूरत है। मैं शाम तक प्रदर्शनस्थल पर लौट आऊंगा।”
CJP प्रवक्ता ने बताई थी फूड प्वाइजनिंग जैसी समस्या
सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके की तबीयत बिगड़ने के बाद संगठन के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि दीपके को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई थी और आशंका जताई थी कि यह फूड प्वाइजनिंग जैसी समस्या हो सकती है। मीडिया से बातचीत में रांका ने कहा था कि दीपके के खान-पान पर अब विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने यह भी आशंका जताई थी कि उनके खाने-पीने को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी और किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
अभिजीत दीपके ने 2 दिन किया था अनशन
सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाए जाने के बाद भूख हड़ताल शुरू की थी। हालांकि, उन्होंने अपना अनशन करीब दो दिन बाद रविवार को संसद मार्च शुरू होने के दौरान समाप्त कर दिया था। अनशन खत्म करने से पहले दीपके ने बताया था कि उन्हें माइग्रेन की समस्या है और स्वास्थ्य कारणों से वह लंबे समय तक भूखे नहीं रह सकते। उन्होंने कहा था कि अपनी सेहत को ध्यान में रखते हुए उन्हें अनशन समाप्त करने का फैसला लेना पड़ा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


