पश्चिम बंगाल में टीएमसी के बागी सांसदों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। शत्रुघ्न सिन्हा ने सामने आकर कहा कि वह दुख की घड़ी में ममता बनर्जी का साथ नहीं छोड़ेंगे। शत्रुघ्न सिन्हा ने साफ़ कहा कि वह बागी सांसदों की लिस्ट में शामिल नहीं हैं। दीदी (ममता बनर्जी) ने मुसीबत के समय मेरे साथ दिया है। इसके पहले भी करीबी सूत्रों का कहना था कि उन्होंने (शत्रुघ्न सिन्हा) किसी भी पत्र पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं। उनके पत्र पर हस्ताक्षर करने की खबरें गलत हैं। वे दिल्ली से बाहर हैं। गौरतलब है कि, शत्रुघ्न सिन्हा के बागी बनने की खबरों को और बल मिला था जब उन्होंने पीएम मोदी को उनके दीर्घकालिक कार्यकाल के लिए शुभकामना दी थी।
उन्होंने एक्स पर पीएम मोदी के साथ तस्वीर शेयर कर लिखा, ‘सच्चे खेल भावना के साथ हमारे मित्र, देश और समाज के मार्गदर्शक, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को कार्यालय में 12 साल पूरे करने पर हार्दिक शुभकामनाएं. यह शायद अब तक का सबसे लंबा कार्यकाल है. हम आपके लंबे, स्वस्थ और समृद्ध जीवन की कामना करते हैं. जय हिंद!’
बागी सांसदों की लिस्ट में आया था नाम
हाल ही में खबर सामने आई थी कि यूसुफ पठान, शत्रुघ्न सिन्हा, काकोली घोष दस्तीदार और सायनी घोष सहित टीएमसी के 20 लोकसभा सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर भाजपा के नेतृत्व वाले NDA में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की है। इस लिस्ट में यूसुफ पठान, अबू ताहिर खान, पार्थ भौमिक, काकोली घोष दस्तीदार, बापी हलदर, सायोनी घोष, रचना बनर्जी, असित मल, के रहमान, शर्मिला सरकार, मिताली बाग, शत्रुघ्न सिन्हा, कालीपद सोरेन, जून मालिया, माला रॉय, देव अधिकारी, शताब्दी रॉय, जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया और अरूप चक्रवर्ती शामिल माना जा रहा है।
आसनसोल से लोकसभा सांसद हैं शत्रुघ्न सिन्हा
बता दें कि टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से सांसद हैं। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में टीएमसी के टिकट पर आसनसोल से जीत दर्ज की। वर्तमान में अभी आसनसोल से टीएमसी के सांसद हैं। वहीं, आज पश्चिम बंगाल से एक और राज्यसभा सांसद ने दे दिया है। प्रकाश चिक बराइक ने राज्यसभा से आज इस्तीफा दिया है। सुखेंदु शेखर रॉय और सुष्मिता देव के बाद टीएमसी के राज्यसभा से ये तीसरा इस्तीफा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

