दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। एमपी के नर्मदापुरम जिले के पिपरिया क्षेत्र में डीजल की भारी किल्लत से परेशान और आक्रोशित किसानों ने गुरुवार को पिपरिया के सिलारी चौराहे पर चक्का जाम कर उग्र प्रदर्शन किया। किसानों के इस अचानक किए गए आंदोलन से चौराहे पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदर्शनकारी किसानों का सीधा और गंभीर आरोप है कि क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में डीजल का स्टॉक उपलब्ध है। इसके बावजूद, पंप संचालक सोची-समझी रणनीति के तहत उन्हें डीजल देने से इनकार कर रहे हैं। किसानों ने कहा कि वर्तमान में खेती-किसानी का सीजन चरम पर है और डीजल न मिलने से ट्रैक्टर व अन्य कृषि उपकरण खड़े हो गए हैं, जिससे बोनी का कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
आंदोलन कर रहे किसानों ने स्थानीय प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि प्रशासन तुरंत सभी पेट्रोल पंपों के स्टॉक की जांच करे। यदि वास्तव में डीजल नहीं है, तो स्थिति स्पष्ट की जाए। लेकिन अगर स्टॉक होने के बावजूद कृत्रिम कमी दिखाकर डीजल छिपाया जा रहा है, तो ऐसे जमाखोर संचालकों पर तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही डीजल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की, तो वे पूरे जिले में बड़े पैमाने पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रशासन की समझाइए इसके बाद किसानों ने चक्का जाम खत्म किया।

