० दिल्ली में छात्रों के समर्थन में हर जिले में धरना देगी जेजेपी, सोनम वांगचुक से दुष्यंत चौटाला को नहीं मिलने देने पर भी उठाए सवाल
महम। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के नेता दिग्विजय चौटाला ने दिल्ली में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। महम के गांव भैणी चंद्रपाल में जनसंपर्क अभियान के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह पूरी तरह गलत है।
दिग्विजय चौटाला ने आरोप लगाया कि छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, उनके साथ मारपीट की गई और कपड़े तक फाड़े गए। उन्होंने कहा, “पाप का घड़ा एक दिन भरता है, लेकिन सरकार का घड़ा तो अब ओवरफ्लो हो चुका है।”
उन्होंने बताया कि जेजेपी ने निर्णय लिया है कि पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश के प्रत्येक जिले में धरना-प्रदर्शन करेंगे। साथ ही जब भी दिल्ली में आंदोलन का आह्वान होगा, पार्टी कार्यकर्ता वहां भी पहुंचेंगे। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कहा कि इस मुद्दे को राजनीति से ऊपर उठकर छात्रों के समर्थन में एकजुट होना चाहिए।
दिग्विजय चौटाला ने यह भी कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला बुधवार सुबह दिल्ली में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मिलने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मिलने की अनुमति नहीं दी। उन्होंने सरकार के इस रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा व्यवहार किया जा रहा है, मानो सोनम वांगचुक कोई देशद्रोही हों।


