अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा के भिवानी पहुंचे जेजेपी के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने भाजपा को हराने के लिए देश भर के विपक्ष को एकजुट होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा को सत्ता से बाहर करना है, तो सभी विपक्षी दलों को अपने निजी स्वार्थ पीछे छोड़कर एक मंच पर आना होगा। भाजपा के 2047 तक सत्ता में रहने के दावे पर उन्होंने तंज कसा कि आपातकाल के दौरान कांग्रेस भी ऐसे ही बड़े दावे करती थी, जिसका हश्र जनता ने देख लिया था। उन्होंने भाजपा को अहंकारी बताते हुए कहा कि उनकी बुनियाद कमजोर हो चुकी है।
आंदोलनरत लोगों के समर्थन का ऐलान
दिग्विजय चौटाला ने आंदोलनरत लोगों के समर्थन का ऐलान करते हुए कहा कि दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व में जेजेपी जंतर मंतर पर संसद घेराव में शामिल होगी। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राम के नाम पर बनी इस सरकार में राम का कोई गुण नहीं बचा है। चनैत गांव के आंदोलन पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि जो काम प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं कर पाए, उसे सुपर सीएम ने मात्र 15 मिनट की चाय चर्चा में सुलझा दिया।
मोदी के दावों और हाइड्रोजन ट्रेन पर दिग्विजय का पलटवार
जींद में पीएम मोदी के दावों और हाइड्रोजन ट्रेन को लेकर भी दिग्विजय ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जींद में भाजपा के षड्यंत्र को कामयाब बनाने में कांग्रेस ने पूरी मदद की। कांग्रेस ने अपने ही प्रत्याशियों को हराने के लिए मैदान में निर्दलीय उम्मीदवार उतारे थे। दिग्विजय ने कहा कि वे बिना थके जनता के बीच बने रहेंगे और भविष्य में उन्हें अपनी मेहनत का परिणाम जरूर मिलेगा। उनके इस बयान ने राज्य की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

