संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह द्वारा उज्जैन से शुरू की गई ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ को लेकर राज्य में सियासी पारा चढ़ गया है। बीजेपी और कांग्रेस के नेता आमने-सामने आ गए हैं। बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने दिग्विजय सिंह की इस यात्रा पर निशाना साधते हुए उन्हें खुली चुनौती दी है, जिस पर कांग्रेस ने भी तीखा पलटवार किया है।

ये भी पढ़ें: संकट की घड़ी में संबल बनी मोहन सरकार: मुख्यमंत्री ने 950 से अधिक आश्रितों को सौंपे अनुकंपा नियुक्ति पत्र; 400 नए सांदीपनि स्कूलों का किया ऐलान

रामेश्वर शर्मा का तंज: “अयोध्या नहीं, मथुरा के लिए निकालें यात्रा”

भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने दिग्विजय सिंह की यात्रा पर हमला बोलते हुए कहा कि वे सनातन के लिए नहीं, बल्कि सनातन के खिलाफ यात्रा निकाल रहे हैं। रामेश्वर शर्मा ने चुनौती देते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह को अयोध्या के बजाय मथुरा की यात्रा निकालनी चाहिए। भगवान कृष्ण की जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए उन्हें आगे आना चाहिए और वहां का ढांचा हटाना चाहिए। अगर दम है तो वे मथुरा के लिए यात्रा निकालें, यदि मथुरा में कारसेवा होगी तो हम भी उनके साथ आएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह लगातार सनातन को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

कांग्रेस का पलटवार: “भगवान के नाम पर राजनीति कर रही है बीजेपी”

रामेश्वर शर्मा के इस बयान पर कांग्रेस नेता भूपेंद्र गुप्ता ने तीखा पलटवार किया है। कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी ने पहले भगवान राम के नाम पर चुनाव जीता और चुनाव जीतने के बाद भगवान राम की तिजोरी पर डाका डाला। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अब बीजेपी भगवान कृष्ण के नाम पर चुनाव जीतना चाहती है और भगवान कृष्ण की तिजोरी पर भी डाका डालने की उनकी तैयारी है, लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है और भगवान के नाम पर बीजेपी को वोट नहीं मिलने वाला है।

उज्जैन से अयोध्या तक 950 किमी की ‘सत्य सनातन यात्रा’

गौरतलब है कि पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने उज्जैन से अयोध्या तक लगभग 950 किलोमीटर लंबी ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ का शंखनाद किया है। करीब 70 दिनों तक चलने वाली इस पैदल यात्रा के जरिए दिग्विजय सिंह बड़े मंदिरों के चढ़ावे और धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता की मांग उठा रहे हैं।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर में गरजे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पीड़ित परिवारों से की मुलाकात; सिंधिया और मोहन भागवत पर किया तीखा प्रहार

दिलचस्प बात यह है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर इस यात्रा से दूरी बना रखी है, लेकिन पार्टी के कई नेता इसके समर्थन में खुलकर बोल रहे हैं और कुछ संतों का भी उन्हें साथ मिला है। दूसरी तरफ, बीजेपी इसे पूरी तरह ‘चुनावी स्टंट’ बता रही है, जबकि दिग्विजय की पत्नी अमृता सिंह ने इस यात्रा को ‘अधर्म पर धर्म की विजय’ के संकल्प से जोड़ा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m