Bihar News: बिहार में लागू शराबबंदी को लेकर सियासी संग्राम मचा हुआ है। दरअसल नेशनल काउंसिल ऑफ एप्लाइड इकोनॉमिक रिसर्च (NCAER) की रिपोर्ट सामने आने के बाद विपक्ष के साथ-साथ एनडीए के नेताओं में भी शराबबंदी को लेकर मतभेद देखने को मिल रहे हैं। हम पार्टी के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी खुलकर शराबबंदी की समीक्षा करने की मांग कर रहे हैं। वहीं, बीजेपी नेता और मंत्री दिलीप जायसवाल ने शराबबंदी का पक्ष लेते हुए उनपर तगड़ा पलटवार किया है।

‘शराब माफिया और कुछ शराब प्रेमी बेचैन’

मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि, शराबबंदी हटाने के लिए शराब माफिया और कुछ शराब प्रेमी लोग बेहद बेचैन हैं। उन्होंने दावा किया कि बिहार में सूखे नशे (ड्रग्स) की लत को लेकर जो रिपोर्ट पेश की जा रही है, उसके आधार पर शराबबंदी पर सवाल उठाना गलत है।

उन्होंने कहा कि, शराबबंदी पर जो रिपोर्ट है, वो एकदम कंट्राडिक्ट्री है। जिसको कह सकते हैं कि एकदम विवादित है। पहला ये कि शराब बंद है। इसलिए नशा, सूखा नशा बढ़ रहा है, ये एकदम गलत है। जायसवाल ने कहा कि, शराब जहां बंद नहीं है, वहां की क्या स्थिति है? और पूरे देश का अगर भारत सरकार का आधिकारिक रिकॉर्ड देखें, तो आज हमसे सभी स्टेट आगे हैं, जहां पर सूखा नशा का ज्यादा प्रचलन है। उन्होंने कहा कि, बिहार आज भी सबसे पीछे है, सबसे कम सूखा नशा का उपयोग करता है।

पैसा कमाने के लिए क्या कोई कोठे पर चला जाएगा?

दिलीप जायसवाल ने आगे कहा कि, राजस्व बढ़ाने के लिए शराबबंदी खत्म करने की दलील देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि, पैसा कमाने के लिए क्या कोई कोठे पर चला जाएगा? शराब पीना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। समाज में नशामुक्ति और जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। मानवता बेचकर कमाए गए पैसे से विकास संभव नहीं है। कुछ शराब प्रेमी और शराब माफिया चाहते हैं कि बिहार में शराबबंदी खत्म हो जाए, लेकिन सरकार समाजहित में इस कानून के प्रति प्रतिबद्ध है।

मांझी ने की थी समीक्षा की मांग

गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी कई मौको पर खुलकर शराबबंदी पर विचार करने और राज्य में फिर से शराब चालू करने की वकालत कर चुके हैं। हालही में उन्होंने राज्य में लागू शराबबंदी की समीक्षा करने की मांग करने के साथ ही इसे गुजरात मॉडल के आधार पर राज्य में शुरू करने की मांग की थी।

ये भी पढ़ें- ​भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 200 नशीली गोलियों और गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार