Bihar News: सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से हुई फायरिंग की घटना को लेकर राजद आज सड़क पर है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजभवन मार्च निकाला जा रहा है। मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और नेता-मंत्री शामिल हैं। राजद के राजभवन मार्च को लेकर सियासत भी जारी है। बीजेपी नेता और बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने इसपर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि, राजद अपना वजूद खो चुकी है।
RJD का अब कोई वजूद नहीं- दिलीप जायसवाल
मीडिया से बातचीत के दौरान दिलीप जायसवाल ने कहा कि, मैं देख रहा हूं, बता रहा हूं कि RJD अपना वजूद खो चुकी है और नींद से जाग करके उनको याद आता है। RJD का अब कोई वजूद नहीं है और उसका नेतृत्व कमजोर है। बिहार में कानून का राज है। अपराध मुक्त बिहार के लिए लगातार हमारे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी प्रयास कर रहे हैं और अगर किसी तरह की कोई गलती भी करता है तो उसके लिए सजा तय है। इसलिए RJD के इस तरह के आंदोलन का कोई मतलब नहीं है।
‘खरगे को राजीव और राहुल में फर्क नहीं पता’
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर दिलीप जायसवाल ने कहा कि, वे कभी-कभी क्या बोलते हैं? आपने एक भाषण में सुना होगा कि उन्होंने (मल्लिकार्जुन खरगे) कहा था कि राहुल गांधी ने जो कुर्बानी दी, राहुल गांधी को गोली खानी पड़ी, तो वो भूल जाते हैं कि राजीव गांधी, राहुल गांधी के नाम में क्या फर्क है। इसलिए खरगे जी की बात को हम ध्यान नहीं देते हैं।
तो नेहरू और गांधी पर केस कर दो- खरगे
दरअसल राष्ट्रगीत वंदे मातरम् गाने को लेकर चल रहे घमासान पर मल्लिकार्जुन खरगे ने निशाना साधा है। कल मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, इनके (बीजेपी) पैदा होने से पहले ही कांग्रेस ने बता दिया था कि राष्ट्रीय गीत क्या होगा। वही ‘वंदे मातरम्’ महात्मा गांधी जी, पंडित नेहरू जी और सरदार पटेल जी ने गाया था। यहां तक कि प्रधानमंत्री रहते हुए अटल जी और मुख्यमंत्री रहते हुए खुद मोदी ने भी गाया। मैंने भी वही वंदे मातरम् गाया है। अगर ये गुनाह है तो गांधी जी, नेहरू जी और सरदार पटेल जी के ऊपर केस करो।
खरगे ने कहा कि, अब जो मोदी-शाह चाहेंगे, देश में वैसा ही थोड़ी होता रहेगा। सरकारों के हिसाब से राष्ट्रीय गीत नहीं बदला जा सकता। देश में जो कई वर्षों से हो रहा है, हमने वही किया है।
ये भी पढ़ें- अरुणाचल में बादल फटने से तबाही, वैशाली के अग्निवीर आदित्य कुमार समेत 5 जवान लापता


