कुमार इंदर, डिंडोरी/जबलपुर। मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। नर्मदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से नदी किनारे रहने वाले लोगों में भी चिंता का माहौल है। मौसम की स्थिति को देखते हुए डिंडोरी कलेक्टर ने कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश के आदेश जारी किए हैं।

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने जिलेवासियों से बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने और नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की अपील की है। प्रशासन की ओर से लोगों को जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की सलाह दी गई है।

ये भी पढ़ें: MP में फिर एक्टिव हुआ स्ट्रांग सिस्टम: पूर्वी हिस्से में जमकर बरसेंगे बादल, आज 5 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट

नगर परिषद की लापरवाही से सड़कें जलमग्न

वहीं डिंडोरी नगर में बारिश के बाद जल निकासी व्यवस्था की पोल भी खुल गई। नगर परिषद के नालियों के उचित रख-रखाव और समय पर सफाई नहीं किए जाने के चलते कई सड़कें जलमग्न हो गईं। सड़कों पर पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बीच शहर की जल निकासी व्यवस्था को लेकर नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाती, तो बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति से काफी हद तक बचा जा सकता था। फिलहाल लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। वहीं जलभराव और बढ़ते नदी जलस्तर के बीच प्रशासन और नगर परिषद की तैयारियों की भी परीक्षा हो रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m