Bihar News: भाजपा नेता और भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव आज सोमवार (24, अगस्त) को पटना पहुंचे, जहां पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान चीनी के बढ़ते दामों पर दिनेश लाल यादव ने कहा कि, मुझे लगता है कि मैं जब से होश संभाला हूं, मैं अपनी बात बताता हूं, कभी मैंने ऐसा सुना नहीं कि महंगाई नहीं बढ़ी। अगर 90 के दशक में भी मैं कोई फिल्म देखा, तब भी मुझे यही गाना सुनाई दिया कि ‘सैंया तो बहुते कमात हैं, महंगाई डायन खाए जात है।’

‘जनसंख्या कंट्रोल करो, महंगाई कंट्रोल हो जाएगी’

दिनेश लाल यादव ने कहा कि, यह तो हम दशकों से सुन रहे हैं। यह कौन-सी नई बात है? तो जो मूल बात है, उसमें तो कोई बात करता नहीं है कि भाई, संसाधन उतना ही है और जनसंख्या बढ़ रही है, तो महंगाई बढ़ रही है। जनसंख्या पर कंट्रोल करो, महंगाई पर कंट्रोल हो जाएगी।

राहुल गांधी को दी पढ़ने की सलाह

वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर दिनेश लाल यादव ने कहा कि, पहले पढ़े वो, उनको पढ़ना चाहिए पहले। बिना पढ़े उनको कुछ भी बोलना है, तो बात अलग है। मुझे लगता है कि जब तक जिस विषय पर कोई जानकारी नहीं हो, तो नहीं बोलना चाहिए।

बता दें कि देश समेत प्रदेश में बढ़ती चीनी की कीमत और महंगाई को लेकर बिहार में सियासत तेज होती दिख रही है। एक तरफ जहां, सत्ता पक्ष के नेता चीनी की बढ़ती कीमतों का बचाव करते हुए तरह-तरह के बयान दे रहे हैं। तो वहीं, विपक्ष के नेता इसे लेकर लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है।

आम आदमी के हिस्से बचेगा सिर्फ जुमला- रोहिणी

रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, महंगाई का आलम कुछ ऐसा है कि अब अपनी रसोई में आम आदमी सब्जी और भोजन नहीं सिर्फ महंगाई के आंकड़े पकाएगा। मोदी सरकार की मेहरबानी से जिस कदर से रोजमर्रा की जरूरत की हर एक चीज आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही है, उसे देख कर अब कहा जा सकता है कि अब आम आदमी की रसोई में भोजन बनाने लायक कुछ नहीं रहेगा व बचेगा।

रोहिणी ने कहा कि, आम आदमी के हिस्से कुछ बचेगा तो वो सिर्फ और सिर्फ महंगाई घटाने का मोदी जी का जुमला बचेगा और आंखों में आंसू प्याज काटने से नहीं, बल्कि सिर्फ कीमत सुन कर ही आ जाएंगे।

चीनी की बढ़ती कीमतों पर किसने क्या कहा?

सहरसा विधायक आईपी गुप्ता ने पीएम मोदी पर कंद कसते हुए कहा कि, मोदी जी कल रात मेरे सपने में आए थे। उन्होंने हमसे कहा कि वत्स हमने चीनी का दाम बढ़ा दिया है। चीनी का दाम 70-75 रुपए किलो कर दिया हूं। इससे देश का रेवेन्यू बढ़ेगा, गरीब और कमोजर होगा, तब न मेरी तानाशाही चलेगी।

मंत्री विजय कुमार सिन्हा से सवाल किया तो उन्होंने कहा था कि, यदि चीनी की कीमत बढ़ती है, तो हमारे किसानों को इससे फायदा ही होगा। किसानों को यदि फायदा होता है, तो उससे मुझे बहुत खुशी होगी।

वहीं, मंत्री श्रवण कुमार ने कहा था कि, आजकल लोग चीनी कम खा रहे हैं। शुगर की बीमारी हो रही है। यही यही कारण है कि लोग मिठाई एवं चीनी का कम उपयोग कम करते हैं। इसीलिए देश में यदि चीनी की कीमत बढ़ रही है, तो उसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

ये भी पढ़ें- सीतामढ़ी सदर अस्पताल में देर रात निशांत कुमार का छापा! 6 डॉक्टर समेत कई कर्मी सस्पेंड, मचा हड़कंप