कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार इन दिनों सीतामढ़ी के दो दिवसीय दौरे पर हैं। रविवार देर रात उन्होंने अचानक सीतामढ़ी सदर अस्पताल पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। स्वास्थ्य मंत्री के अचानक अस्पताल पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

6 डॉक्टर समेत कई कर्मी को किया सस्पेंड

निरीक्षण के दौरान निशांत कुमार ने आईसीयू, एसएनसीयू और इमरजेंसी सहित विभिन्न वार्डों की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कई डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से नदारद पाए गए, जिसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने करीब 6 डॉक्टरों और अन्य कई कर्मियों को सस्पेंड करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने व्यवस्था में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लोगों ने की मंत्री निशांत कुमार से शिकायत

इस दौरान अस्पताल पहुंचे स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने स्वास्थ्य मंत्री से अस्पताल में व्याप्त कुव्यवस्था की शिकायत की और उन्हें विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। लोगों ने अस्पताल की व्यवस्था में सुधार की मांग की। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए। स्वास्थ्य मंत्री के इस औचक निरीक्षण को लेकर अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मचा रहा।

शहीद रामफल मंडल की प्रतिमा का किया अनावरण

बता दें कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार कल रविवार (23, अगस्त) से अपने दो दिवसीय दौरे पर माता जानकी की जन्मस्थली सीतामढ़ी पहुंचे हैं। इस दौरान कल रविवार को उन्होंने बाजपट्टी के मधुरापुर गांव में शहीद रामफल मंडल की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, शहीद रामफल मंडल की प्रतिमा का अनावरण करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।

लगे नीतीश-निशांत मुर्दाबाद के नारे

हालांकि निशांत कुमार के सीतामढ़ी दौरे के दौरान उस समय अजीबो-गरीब स्थिति पैदा हो गई, जब स्थानीय कार्यकर्ताओं ने ‘नीतीश कुमार मुर्दाबाद’ और ‘निशांत कुमार मुर्दाबाद’ का नारा लागान शुरू कर दिया। दरअसल कार्यक्रम के दौरान कुछ कार्यकर्ता निशांत से मिलना चाहते थे, लेकिन उन्हें स्वास्थ्य मंत्री से मिलने नहीं दिया गया, जिससे वे नाराज हो गए और नितिश व निशांत कुमार मुर्दाबाद जैसे नारे लगाने लगे।

ये भी पढ़ें- ‘आम आदमी के हिस्से सिर्फ जुमला बचेगा’, चीनी की बढ़ती कीमतों पर रोहिणी का PM मोदी पर तंज