कुंदन कुमार, पटना। देश समेत प्रदेश में बढ़ती चीनी की कीमत और महंगाई को लेकर सियासत तेज होती दिख रही है। एक तरफ जहां, सत्ता पक्ष के नेता चीनी की बढ़ती कीमतों का बचाव करते हुए तरह-तरह के बयान दे रहे हैं। तो वहीं, विपक्ष के नेता इसे लेकर लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है। वहीं, इस बीच लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने चीनी की बढ़ी कीमत और महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
‘आम आदमी की पहुंच से बाहर हुई रोजमर्रा की चीचें’
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, महंगाई का आलम कुछ ऐसा है कि अब अपनी रसोई में आम आदमी सब्जी और भोजन नहीं सिर्फ महंगाई के आंकड़े पकाएगा। मोदी सरकार की मेहरबानी से जिस कदर से रोजमर्रा की जरूरत की हर एक चीज आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही है, उसे देख कर अब कहा जा सकता है कि अब आम आदमी की रसोई में भोजन बनाने लायक कुछ नहीं रहेगा व बचेगा।
‘आम आदमी के हिस्से बचेगा सिर्फ जुमला’
रोहिणी ने कहा कि, आम आदमी के हिस्से कुछ बचेगा तो वो सिर्फ और सिर्फ महंगाई घटाने का मोदी जी का जुमला बचेगा और आंखों में आंसू प्याज काटने से नहीं, बल्कि सिर्फ कीमत सुन कर ही आ जाएंगे। रोहिणी ने कहा कि, हर रविवार पूरे देश को जबरन ‘मन की बात’ की घुट्टी पिलाने वाले महाबातूनी प्रधानमंत्री के “अच्छे दिनों” का आलम तो कुछ ऐसा है कि “एक आम आदमी की थाली में परोसी जाने वाली हर एक चीज की कीमत आसमान पर और आम आदमी की आमदनी जमीन पर l”
चीनी की बढ़ती कीमतों पर किसने क्या कहा?
सहरसा विधायक आईपी गुप्ता ने पीएम मोदी पर कंद कसते हुए कहा कि, मोदी जी कल रात मेरे सपने में आए थे। उन्होंने हमसे कहा कि वत्स हमने चीनी का दाम बढ़ा दिया है। चीनी का दाम 70-75 रुपए किलो कर दिया हूं। इससे देश का रेवेन्यू बढ़ेगा, गरीब और कमोजर होगा, तब न मेरी तानाशाही चलेगी।
मंत्री विजय कुमार सिन्हा से सवाल किया तो उन्होंने कहा था कि, यदि चीनी की कीमत बढ़ती है, तो हमारे किसानों को इससे फायदा ही होगा। किसानों को यदि फायदा होता है, तो उससे मुझे बहुत खुशी होगी।
वहीं, मंत्री श्रवण कुमार ने कहा था कि, आजकल लोग चीनी कम खा रहे हैं। शुगर की बीमारी हो रही है। यही यही कारण है कि लोग मिठाई एवं चीनी का कम उपयोग कम करते हैं। इसीलिए देश में यदि चीनी की कीमत बढ़ रही है, तो उसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
ये भी पढ़ें- पटना में बदमाशों का तांडव: पहले रैपिडो चालक को मारी गोली, फिर पिछा कर युवती को बनाया निशाना

