कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बेखौफ बदमाशों ने रविवार की रात रैपिडो बाइक से घर लौट रही एक नाबालिग लड़की को निशाना बनाते हुए उसपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे रैपिडो चालक और नाबालिग लड़की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है।
रैपिडो से घर लौट रही थी युवती
पूरा मामला दानापुर थाना क्षेत्र के आरपीएस मोड का बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार घायल लड़की रैपिडो बाइक से घर लौट रही थी। इस बीच उसका पीछा कर रहे बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने उसे निशाना बनाते हुए चलती बाइक से ही फायरिंग कर दी, हालांकि निशाना चूकने की वजह से पहली गोली रैपिडो बाइक चालक के कमर में जाकर लग गई। गोली लगते ही चालक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गया।
टेलर की दुकान में घुसकर मारी गोली
चालक के घायल होने पर अपनी जान बचाते हुए लड़की पास के ही एक टेलर की दुकान पर जा पहुंची और अपनी जान बचाने के लिए शोर मचाने लगी। बदमाश उसका पीछा करते हुए टेलर की दुकान पर भी पहुंच गए और बंदूक के दम पर दुकानदार को धमकाते हुल लड़की को गोली मार दी। गोली युवती के कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद नकाबपोश बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
घटना के समय वहां पर लोगों की भारी भीड़ थी, लेकिन किसी ने भी लड़की बचाने या फिर बदमाशों को रोकने की कोशिश नहीं की। घायल युवती और रैपिडो चालक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है और दोनों खतरे से बाहर हैं। वहीं, घटना की सूचना मिलते मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस अपराधियों की पहचान व उनकी गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें- जवाहर नवोदय विद्यालय में रैगिंग के नाम पर बवाल, बेल्ट से पिटाई में दर्जनभर जूनियर छात्र घायल

