Jawahar Navodaya Vidyalaya Pusa: समस्तीपुर में पूसा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्रावास में छात्रों के बीच रैगिंग और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रावास के सीनियर छात्रों ने रैगिंग के नाम पर जूनियर छात्रों को को बेल्ट से पीटकर-पीटकर घायल कर दिया। इस घटनाक्रम में करीब दर्जनभर जूनियर छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पूसा में भर्ती कराना पड़ा। घटना की जानकारी सामने आते ही विद्यालय प्रशासन और छात्रों के बीच हड़ंकप मच गया।
जूनियर छात्रों पर निजी कार्य का बनाते थे दबाव
मिली जानकारी के अनुसार यह पूरा विवाद छात्रावास के मेस में खाना खाने के दौरान हुआ। बताया जाता है कि कक्षा 8वीं के कुछ छात्र रैगिंग के नाम पर 7वीं कक्षा के छात्रों को मेस से खाना लाकर उनके कमरों तक पहुंचाने के साथ अपने कुछ निजी काम करने के लिए कहते थे। सीनियर छात्र जूनियर छात्रों को ऐसा करने के लिए मजबूर करते थे और उनपर दबाव बनाते थे। कुछ जूनियर छात्रों ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्रों की बेल्ट से पिटाई कर दी।
छात्रावास की निगरानी को लेकर उठ रहे सवाल
घटना की सूचना विद्यालय प्रबंधन को दी गई। इसके बाद सभी घायल छात्रों को पूसा अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। छात्रों के शरीर पर बेल्ट से पिटाई के निशान थे। यह घटना छात्रों के बीच अनुशासन बनाए रखने के साथ ही छात्रावास की निगरानी को लेकर भी गंभीर सवाल खड़ा कर रही है। बता दें कि करीब 600 छात्र-छात्राएं छात्रावास में रहकर विद्यालय में पढ़ाई करते हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: बिहार में बदला मौसम का मिजाज, 26 अगस्त तक झमाझम बारिश का अलर्ट

