रविंद्र भारद्वाज, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व में हुए बदलाव को लेकर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि “अगर कांग्रेस मजबूत होती तो उसे बार-बार प्रयोग और नेतृत्व परिवर्तन करने की जरूरत नहीं पड़ती. बार-बार बदलाव कमजोर संगठन की पहचान है.”
मंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस लगातार अपनी रणनीति और नेतृत्व में बदलाव कर रही है, लेकिन इसके बावजूद उसे सफलता नहीं मिल रही है. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयोग कांग्रेस की मजबूरी को दर्शाते हैं और भविष्य में भी इनके सफल होने की कोई संभावना नजर नहीं आती.
इसे भी पढ़ें : UP Politics: यूपी में कांग्रेस ने खेला नया दांव! आराधना मिश्रा ‘मोना’ बनीं प्रदेश अध्यक्ष, इमरान मसूद का भी बढ़ा कद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि देश की जनता को केंद्र सरकार की ‘सबका साथ, सबका विकास’ नीति पर पूरा भरोसा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश सुरक्षित है, जनता की मेहनत की कमाई सुरक्षित है और देशवासियों का सम्मान भी सुरक्षित है.
SIR को लेकर विपक्ष पर निशाना
SIR को लेकर विपक्षी दलों के विरोध पर मंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य केवल इतना है कि मतदाता सूची में भारत के नागरिकों के नाम ही शामिल हों. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल अपने वोट बैंक को मजबूत करने के लिए बाहर से आए लोगों को मतदाता बनाने की राजनीति करते हैं.
इसे भी पढ़ें : ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- अब्बास और जगदीश शुरू से सपा के हैं
दिनेश प्रताप सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता अब राजनीतिक दलों की नीतियों को भली-भांति समझ रही है. उन्होंने दावा किया कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जता रही है और उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकारों को लगातार अपना आशीर्वाद दे रही है.

