DU UG Admission 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने स्नातक यानी UG दाखिले के लिए 12वीं कक्षा के अंकों के आधार पर प्रवेश का विकल्प एक बार फिर बढ़ा दिया है। विश्वविद्यालय की प्रवेश शाखा की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, अब कुछ और कॉलेजों में CUET के बजाय 12वीं के अंकों के आधार पर मेरिट से दाखिले शुरू किए गए हैं। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश पाने के लिए विद्यार्थियों को संबंधित कॉलेज की ओर से निर्धारित पात्रता मानदंड पूरा करना होगा। योग्य विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट के जरिए प्रवेश दिया जाएगा।
डीयू के इस फैसले से उन विद्यार्थियों को राहत मिल सकती है, जो CUET के जरिए DU में दाखिला नहीं ले पाए हैं। ऐसे छात्र अब उन कॉलेजों और पाठ्यक्रमों में उपलब्ध सीटों के लिए आवेदन कर सकेंगे, जहां 12वीं के अंकों के आधार पर प्रवेश की व्यवस्था शुरू की गई है। दिल्ली विश्वविद्यालय ने 12वीं के अंकों के आधार पर UG दाखिले के लिए कुल 15 कॉलेजों को सूची में शामिल किया है। इन कॉलेजों में कला, विज्ञान और भाषा से जुड़े विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश का रास्ता खोला गया है। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि दाखिले से संबंधित पात्रता, सीटों और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी के लिए संबंधित कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट जरूर देखें।
पहली सूची में शामिल प्रमुख कॉलेजों में देशबंधु कॉलेज, दयाल सिंह इवनिंग कॉलेज, इंस्टीट्यूट ऑफ होम इकोनॉमिक्स, कालिंदी कॉलेज, लक्ष्मीबाई कॉलेज, महाराजा अग्रसेन कॉलेज, माता सुंदरी कॉलेज फॉर वूमेन, पीजीडीएवी कॉलेज और राजधानी कॉलेज शामिल हैं। इन कॉलेजों के कुछ निर्धारित पाठ्यक्रमों में योग्य विद्यार्थियों को CUET स्कोर के बजाय कक्षा 12वीं के अंकों के आधार पर मेरिट से प्रवेश दिया जाएगा।
DU में विज्ञान से हिंदी-संस्कृत तक कई UG कोर्स में 12वीं के अंकों से दाखिले का मौका
दिल्ली विश्वविद्यालय के 15 कॉलेजों में कक्षा 12वीं के अंकों के आधार पर UG दाखिले का विकल्प दिया गया है। इनमें विज्ञान, हिंदी, संस्कृत, इतिहास, राजनीति विज्ञान, गणित और अन्य विषयों से जुड़े कई पाठ्यक्रम शामिल हैं। देशबंधु कॉलेज में बीए ऑनर्स संस्कृत के साथ बीएससी प्रोग्राम एप्लाइड फिजिकल साइंसेज विद इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री और बीएससी प्रोग्राम फिजिकल साइंस विद केमिस्ट्री में प्रवेश का विकल्प उपलब्ध है। दयाल सिंह इवनिंग कॉलेज में पंजाबी, उर्दू, तमिल, अंग्रेजी, संस्कृत, इतिहास और राजनीति विज्ञान जैसे विषयों से जुड़े बीए प्रोग्राम में दाखिले का अवसर है।
वहीं इंस्टीट्यूट ऑफ होम इकोनॉमिक्स में बीएससी ऑनर्स और बीएससी प्रोग्राम होम साइंस के लिए प्रवेश दिया जाएगा। कालिंदी कॉलेज में बीएससी ऑनर्स गणित में दाखिले का विकल्प उपलब्ध है। लक्ष्मीबाई कॉलेज में संस्कृत, समाजशास्त्र, पंजाबी, राजनीति विज्ञान, इतिहास, संगीत, कंप्यूटर एप्लीकेशन, गणित, सामुदायिक विज्ञान और दर्शनशास्त्र समेत कई विषयों में बीए प्रोग्राम हैं। इसके अलावा यहां बीए ऑनर्स हिंदी और बीएससी ऑनर्स होम साइंस में भी प्रवेश का विकल्प दिया गया है।
माता सुंदरी कॉलेज फॉर वूमेन में बीए ऑनर्स हिंदी, पंजाबी, संस्कृत और दर्शनशास्त्र में दाखिले का अवसर दिया गया है। वहीं पीजीडीएवी कॉलेज में बीए ऑनर्स हिंदी और संस्कृत के लिए प्रवेश लिया जाएगा। राजधानी कॉलेज में बीएससी ऑनर्स इलेक्ट्रॉनिक्स, बीएससी प्रोग्राम फिजिकल साइंस विद इलेक्ट्रॉनिक्स और बीए ऑनर्स हिंदी में दाखिले का विकल्प है। इसके अलावा महाराजा अग्रसेन कॉलेज में बीएससी प्रोग्राम फिजिकल साइंस विद केमिस्ट्री, बीएससी ऑनर्स इलेक्ट्रॉनिक्स और बीए ऑनर्स हिंदी में प्रवेश दिया जाएगा। इन पाठ्यक्रमों में दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों को संबंधित कॉलेज की ओर से तय पात्रता मानदंड और प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी कॉलेज की वेबसाइट पर जांचने की सलाह दी गई है।
DU के दूसरे चरण में 6 और कॉलेज शामिल
दिल्ली विश्वविद्यालय ने कक्षा 12वीं के अंकों के आधार पर UG दाखिले की प्रक्रिया के दूसरे चरण में छह और कॉलेजों को शामिल किया है। इनमें सत्यवती कॉलेज, सत्यवती कॉलेज (इवनिंग), शहीद राजगुरु कॉलेज ऑफ एप्लाइड साइंसेज फॉर वुमेन, श्री अरबिंदो कॉलेज, स्वामी श्रद्धानंद कॉलेज और जाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज शामिल हैं। सत्यवती कॉलेज में हिंदी, संस्कृत, उर्दू, इतिहास, गणित और उर्दू-पॉलिटिकल साइंस से जुड़े विभिन्न बीए पाठ्यक्रमों में प्रवेश का विकल्प दिया गया है। वहीं शहीद राजगुरु कॉलेज ऑफ एप्लाइड साइंसेज फॉर वुमेन में इलेक्ट्रॉनिक्स, इंस्ट्रूमेंटेशन, भौतिकी और रसायन विज्ञान जैसे विज्ञान विषयों में दाखिले का अवसर है।
श्री अरबिंदो कॉलेज में फिजिकल साइंस विद केमिस्ट्री, बीए ऑनर्स हिंदी के साथ संस्कृत-इतिहास और संस्कृत-राजनीतिक विज्ञान से जुड़े बीए प्रोग्राम में प्रवेश दिया जाएगा। वहीं स्वामी श्रद्धानंद कॉलेज में हिंदी, रसायन विज्ञान, भौतिकी, लाइफ साइंस और फिजिकल साइंस विद केमिस्ट्री के अलावा अर्थशास्त्र, इतिहास, गणित, संस्कृत और राजनीतिक विज्ञान से जुड़े कई स्नातक कार्यक्रमों में दाखिले का विकल्प उपलब्ध कराया गया है।
कॉलेज की वेबसाइट से मिलेगी दाखिले की पूरी जानकारी
दिल्ली विश्वविद्यालय ने 12वीं कक्षा के अंकों के आधार पर UG दाखिले के लिए कई कॉलेजों और पाठ्यक्रमों में प्रवेश का विकल्प दिया है। जाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज में बीए ऑनर्स अरबी, फारसी, उर्दू, बंगाली और संस्कृत के साथ बीएससी प्रोग्राम फिजिकल साइंसेज विद केमिस्ट्री में दाखिले का अवसर है। इसके अलावा विभिन्न भाषाओं से जुड़े बीए प्रोग्राम भी इस सूची में शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दाखिले के इच्छुक विद्यार्थी पात्रता, उपलब्ध पाठ्यक्रम और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी के लिए संबंधित कॉलेज की वेबसाइट देखें। विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिस विद्यार्थी का पहले से दिल्ली विश्वविद्यालय के किसी कॉलेज में दाखिला हो चुका है, वह 12वीं के अंकों के आधार पर होने वाली इस प्रवेश प्रक्रिया में दोबारा दाखिला लेने के लिए पात्र नहीं होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

