हिसार। हरियाणा के हिसार जिले में चंडीगढ़ हाईवे स्थित सरसौद टोल प्लाजा पर देर रात एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। वाहन की आरसी दिखाने को लेकर शुरू हुई बहस के बाद स्कॉर्पियो सवार युवकों ने टोल मैनेजर को गाड़ी से कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

टोल छूट को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, रात करीब एक बजे एक स्कॉर्पियो टोल प्लाजा पर पहुंची। वाहन में सवार युवकों ने खुद को बहबलपुर गांव का निवासी बताते हुए टोल टैक्स देने से इनकार कर दिया। टोल कर्मचारियों ने नियमानुसार वाहन की आरसी दिखाने को कहा, लेकिन युवक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

आरसी की जगह आधार कार्ड दिखाने की बात पर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान टोल मैनेजर संजय शुक्ला मौके पर पहुंचे और मामला सुलझाने का प्रयास किया।

पहले धमकी, फिर कुचलकर हत्या

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपियों ने मैनेजर पर पिस्तौल तानकर धमकाया। इसके बाद गुस्से में स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार से आगे बढ़ाते हुए संजय शुक्ला को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल मैनेजर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।मृतक संजय शुक्ला उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (इलाहाबाद) के निवासी थे और सरसौद टोल प्लाजा पर मैनेजर के रूप में कार्यरत थे।

फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद टोल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भारी रोष है।