प्रदीप मालवीय, उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन के राजीव नगर में शादी का मंडप अचानक अखाड़ा बन गया, जिसके हाथ में जो सामान आया वह दूसरे को फेंक कर मारने लगा। दरअसल यहां एक वैवाहिक समारोह के दौरान एक मामूली सी बात ने ऐसा तूल पकड़ा कि खुशियों का माहौल चीख-पुकार और मारपीट में तब्दील हो गया। विवाद सिर्फ इतना था कि फोटोग्राफर ने एक महिला को साइड हटने के लिए कह दिया।
फोटोग्राफर के एक शब्द पर बिगड़े हालत
जानकारी के अनुसार घटना 27 अप्रैल की है। राजीव नगर में अहिरवार समाज के एक परिवार में शादी की रस्में चल रही थी। तभी फोटोग्राफर ने कैमरे के सामने आ रही एक महिला को साइड हटने की बात कह दी। फिर क्या था महिला को यह बात नागवार गुजरी और बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।
कुर्सी और बर्तनों से एक-दूसरे पर हमला
विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चलने लगे। वहीं इस घटना का वीडियो सामने आया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जिसे जो मिल रहा था उसने वहीं उठाकर दूसरे पक्ष पर फेंकना शुरू कर दिया।

